लोक जगत, बिलासपुर। एक मेडिकल संस्थान के संचालक को कथित तौर पर निजी फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर चार लाख रुपये से अधिक की रकम वसूलने का मामला सामने आया है। मामले में संस्थान में कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर काम कर चुकी युवती के खिलाफ कोतवाली पुलिस ने वसूली का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

नौकरी के दौरान बढ़ी नजदीकियां
पहले 2 लाख, फिर किस्तों में भेजे रुपये…
पुलिस ने दर्ज किया मामला
नौकरी के दौरान बढ़ी नजदीकियां
पुलिस के अनुसार, मेडिकल व्यवसायी ने एक युवती को अपने संस्थान में कंप्यूटर ऑपरेटर की नौकरी दी थी। इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। बाद में युवती की शादी हो गई, लेकिन कुछ समय बाद वह अपने पति से अलग रहने लगी।
आरोप है कि इसके बाद युवती ने दोबारा व्यवसायी से संपर्क किया। व्यवसायी द्वारा संबंध रखने से इनकार करने पर युवती कथित तौर पर पुराने फोटो और वीडियो सार्वजनिक करने की धमकी देने लगी। बदनामी के डर से व्यवसायी ने उसे पैसे देना शुरू कर दिया।
पहले 2 लाख, फिर किस्तों में भेजे रुपये…
शिकायत के मुताबिक, व्यवसायी ने शुरुआत में युवती को दो लाख रुपये दिए। इसके बाद भी पैसों की मांग जारी रही। युवती की कथित धमकियों से परेशान होकर व्यवसायी ने अलग-अलग किस्तों में ऑनलाइन दो लाख रुपये से अधिक की रकम ट्रांसफर कर दी। इस तरह कुल चार लाख रुपये से ज्यादा की वसूली किए जाने का आरोप है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
लगातार पैसों की मांग से परेशान होकर व्यवसायी ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने युवती के खिलाफ वसूली का मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस ऑनलाइन ट्रांजेक्शन, बैंक खातों और कथित धमकियों से जुड़े साक्ष्यों की जांच कर रही है। आगे की कार्रवाई जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर की जाएगी।








Leave a Reply