लोक जगत, दुर्ग। छत्तीसगढ़ के चर्चित शराब घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग प्रकरण में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने एक और बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। केंद्रीय जांच एजेंसी ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पुत्र चैतन्य बघेल से संबंधित रियल एस्टेट प्रोजेक्ट ‘विट्ठल ग्रीन कॉलोनी’ के 355 प्लॉटों को अपने कब्जे में ले लिया है। कुम्हारी-जंजगीरी क्षेत्र में स्थित इस कॉलोनी की जब्त की गई संपत्तियों की कुल कीमत लगभग 61 करोड़ रुपये आंकी गई है। कार्रवाई के तहत अधिकारियों ने कॉलोनी के मुख्य प्रवेश द्वार पर कुर्की का आधिकारिक नोटिस भी चस्पा कर दिया है।

मिली जानकारी के अनुसार, विट्ठल ग्रीन कॉलोनी में कुल 385 प्लॉट विकसित किए गए हैं। चूंकि इनमें से 30 प्लॉटों की बिक्री पहले ही हो चुकी थी, इसलिए खरीदारों के हितों को देखते हुए उन्हें इस कार्रवाई से बाहर रखा गया है और शेष 355 प्लॉटों को कुर्क किया गया है।
धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के निर्णायक प्राधिकरण (Adjudicating Authority) द्वारा संपत्तियों की कुर्की पर मुहर लगाए जाने के बाद ED ने यह कदम उठाया है। एजेंसी का आरोप है कि कथित शराब घोटाले के जरिए जुटाई गई अवैध धनराशि को इन रियल एस्टेट संपत्तियों की खरीद में निवेश किया गया था।








Leave a Reply