पंजीयन प्रक्रिया होगी हाईटेक: रायपुर में ‘धरोहर’ पोर्टल का ट्रायल शुरू…

लोक जगत, रायपुर। छत्तीसगढ़ में पंजीयन व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और आसान बनाने के लिए नया ‘धरोहर’ पोर्टल लाया जा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल और वित्त एवं पंजीयन मंत्री ओ.पी. चौधरी के मार्गदर्शन में तैयार इस पोर्टल का शुरुआती परीक्षण रायपुर के तेलीबांधा स्थित उप पंजीयक कार्यालय (क्रमांक-06) में शुरू कर दिया गया है।

क्या-क्या मिलेंगी नई सुविधाएं?
0 एआई से दस्तावेज: पोर्टल पर एआई (AI) की मदद से ड्राफ्ट तैयार करने, मॉडल डीड लेने और शर्तों से जुड़े सुझाव जैसी सुविधाएं मिलेंगी।
0 सुरक्षित पहचान: ई-केवाईसी और डिजिटल हस्ताक्षर से फर्जीवाड़े पर रोक लगाने और पहचान की पुष्टि को मजबूत करने की व्यवस्था है।
0 आसान गणना व भुगतान: संपत्ति के मूल्य व शुल्क का स्वतः हिसाब होने के साथ ही यूपीआई, कार्ड, नेट बैंकिंग या एनईएफटी/आरटीजीएस से ऑनलाइन शुल्क जमा किया जा सकेगा।
0 ऑनलाइन स्लॉट: रायपुर में 33 वकीलों और 2 दस्तावेज लेखकों को आईडी मिल चुकी है, जिनके जरिए पक्षकारों के लिए ऑनलाइन अपॉइंटमेंट बुक हो सकेंगे। लाइसेंस आवेदन व अपडेट जैसी सेवाएं भी पोर्टल पर रहेंगी।

बाकी जगहों पर पहले जैसा ही काम
फिलहाल यह ट्रायल तेलीबांधा के एक ही कार्यालय में चल रहा है। प्रदेश के बाकी दफ्तरों में पहले की तरह एनजीडीआरएस (NGDRS) के जरिए ही कामकाज होगा। ट्रायल के दौरान मिलने वाले फीडबैक और तकनीकी सुधारों के बाद इसे धीरे-धीरे पूरे राज्य में लागू किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *