लोक जगत, रायपुर। उरला थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए अपहृत दो नाबालिग बालिकाओं को महज 10 घंटे के भीतर सकुशल ढूंढ निकाला है। पुलिस ने दोनों बालिकाओं को सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के सरसींवा क्षेत्र से बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।

उरला क्षेत्र से दो नाबालिगों के लापता होने की शिकायत पर पुलिस ने धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी नॉर्थ जोन दीपमाला कश्यप के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। एडीसीपी आदित्य पांडे और एसीपी उरला पूर्णिमा लामा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक सुधांशु बघेल की टीम ने तत्काल पतासाजी शुरू की।
पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की सूचना के आधार पर सुराग जुटाए। मिली जानकारी के आधार पर टीम ने सरसींवा (जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़) में दबिश देकर दोनों बालिकाओं को सुरक्षित बरामद कर लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें परिवार वालों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने नागरिकों से बच्चों के लापता होने पर बिना देरी किए सूचना देने की अपील की है।







Leave a Reply