लोक जगत, रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से हाल ही में आयोजित ‘स्टेट क्रिएटर एंड इन्फ्लुएंसर अवॉर्ड्स’ में वित्तीय और चुनावी गड़बड़ियों के आरोप लगाते हुए राज्य सरकार से जवाब मांगा है। इसके साथ ही, उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा परिसीमन के लिए बुलाए जा रहे विशेष सत्र पर भी गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

अवॉर्ड कार्यक्रम पर उठाए सवाल
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के अनुसार, 25 नवंबर को रायपुर में आयोजित हुए इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि थे और इनाम के तौर पर 10 लाख रुपये रखे गए थे। भूपेश बघेल ने आरोप लगाया कि कार्यक्रम के बाद कई कंटेंट क्रिएटर्स ने वोटिंग प्रक्रिया में हेरफेर, कम वोट वालों को पुरस्कार देने और बाहरी राज्यों के लोगों को सम्मानित करने की शिकायतें सोशल मीडिया पर साझा की हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि इस विवाद के सामने आने के बाद एक निजी पीआर एजेंसी (स्टार पीआर एजेंसी) की ओर से प्रेस विज्ञप्ति जारी कर इस आयोजन को पूरी तरह निजी बताया गया, जिसे जनसंपर्क विभाग के अधिकारियों द्वारा मीडिया को भेजा गया। भूपेश बघेल का दावा है कि जिस वेबसाइट (innovatecg.in) का हवाला दिया गया था, उसे रातों-रात बंद कर दिया गया क्योंकि उस पर छत्तीसगढ़ शासन और संस्कृति एवं पर्यटन विभाग का नाम दर्ज था। उन्होंने जनसंपर्क विभाग के एक पत्र और पुरस्कार के चेक का हवाला देते हुए मुख्यमंत्री से स्पष्ट करने को कहा है कि यह कार्यक्रम सरकारी था या निजी, और इसमें किस मद से कितनी राशि खर्च की गई है।
परिसीमन और विशेष सत्र पर बयान…
पत्रकार वार्ता के दौरान भूपेश बघेल ने केंद्र सरकार की परिसीमन प्रक्रिया पर भी निशाना साधा। उनके बयान के मुख्य बिंदु इस प्रकार हैं:
0 सत्ता के केंद्रीकरण का आरोप: भूपेश बघेल ने कहा कि परिसीमन के लिए विशेष सत्र बुलाना लोकतांत्रिक व्यवस्था के खिलाफ है और सरकार लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाकर सत्ता को अपने हाथों में केंद्रित करना चाहती है।
0 आरक्षण और जनगणना का मुद्दा: उन्होंने सवाल उठाया कि नई जनगणना के आंकड़ों का इंतजार किए बिना परिसीमन क्यों किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रस्तावित बिल में संविधान के अनुच्छेद 330 के तहत अनुसूचित जाति (SC) और अनुसूचित जनजाति (ST) को उनकी आबादी के अनुपात में उचित प्रतिनिधित्व देने की अनदेखी की गई है।
0 चुनाव आयोग की भूमिका पर संदेह: पूर्व मुख्यमंत्री ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए कहा कि मतदाता सूची से नाम हटाने जैसे विवादों के बीच आयोग को सीटों के आरक्षण और परिसीमन की जिम्मेदारी सौंपना स्वीकार्य नहीं है।
0 छोटे राज्यों को नुकसान: भूपेश बघेल ने यह भी कहा कि वर्तमान परिसीमन प्रस्ताव से बड़े राज्यों को लाभ होगा और छोटे राज्यों को नुकसान उठाना पड़ेगा।








Leave a Reply