लोक जगत, रायपुर। राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने और आपातकालीन स्थितियों से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए रायपुर रेलवे स्टेशन परिसर में एक बड़ा संयुक्त तलाशी अभियान और इमरजेंसी ड्रिल आयोजित की गई। पुलिस कमिश्नर के निर्देशानुसार चलाए गए इस अभियान में जिला पुलिस बल, रक्षित केंद्र, आरपीएफ (RPF) और जीआरपी (GRP) के करीब 50 जवानों की संयुक्त टीम शामिल रही।

डीसीपी सेंट्रल जोन तारकेश्वर पटेल, एडिशनल डीसीपी विवेक शुक्ला और एसीपी कोतवाली दीपक मिश्रा की निगरानी में चले इस ऑपरेशन के दौरान सबसे पहले प्लेटफॉर्म नंबर 1, 7 और स्टेशन के बाहरी (आउटर) हिस्सों की घेराबंदी की गई। इसके बाद बम निरोधक दस्ते (BDS) और डॉग स्क्वॉड की मदद से सभी प्लेटफॉर्म पर एक साथ सघन सर्चिंग की गई और यात्रियों के सामान की बारीकी से जांच हुई।

इस विशेष चेकिंग के दौरान कुछ लोगों की गतिविधियाँ संदिग्ध पाए जाने पर पुलिस उनके दस्तावेजों और पहचान का सत्यापन कर रही है। इसके अलावा, कुछ व्यक्तियों के पास से प्रतिबंधित सामान भी बरामद हुआ है, जिस पर संबंधित विभागों द्वारा आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस अभियान में आरपीएफ, जीआरपी, गंज और गुढ़ियारी थानों के निरीक्षक स्तर के अधिकारी भी मौजूद रहे।







Leave a Reply