सस्ते में स्कॉर्पियो और बोलेरो दिलाने का झांसा देकर 10 लाख की ठगी

Posted by

रायपुर : बीएस-4 मॉडल की चार पहिया गाड़ियां सस्ते में दिलाने का झांसा देकर वाराणसी के प्रॉपर्टी डीलर को 10 लाख रुपए का चूना लगाने का मामला सामने आया है। 4 माह से गाड़ी के लिए चक्कर लगा रहे प्रॉपर्टी डीलर ने अपने ठगे जाने का अहसास होने पर धमतरी के भूपेंद्र उईके के खिलाफ रायपुर के तेलीबांधा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। बताया जाता है कि वाराणसी के चौबेपुर निवासी हनुमान यादव प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता है। इसके चलते उसका रायपुर भी आना-जाना है। पड़ोसी गांव निवासी पप्पू यादव ने अपने घर में हनुमान का परिचय धमतरी निवासी भूपेंद्र उईके से कराया। बताया कि भूपेंद्र चार पहिया गाड़ियों की खरीद-बिक्री का काम करता है। इस दौरान भूपेंद्र ने बताया कि बीएस-4 की चार पहिया गाड़ियों पर ऑफर चल रहा है। इस पर हनुमान ने दो स्कार्पियो और एक बोलेरो खरीदने की इच्छा जताई। आरोप है कि भूपेंद्र ने उसे रुपए लेकर रायपुर बुलाया और कहा कि वह गाड़ी दिला देगा। जनवरी में भूपेंद्र ने उसे मैग्नेटो मॉल के पास एक रेस्टोरेंट में पैसा लेकर आने को कहा। जब हनुमान पहुंचा तो वहां गाड़ी दिलाने के नाम पर एडवांस में 4.5 लाख रुपए नगद ले लिए और कहा कि 15 दिन में गाड़ी मिल जाएगी। 15 दिन बाद जब उसने भूपेंद्र से संपर्क किया तो मुंबई मिलने के लिए बुलाया। वहां कांदीवली में मुलाकात की और कहा कि और पैसा लगेगा। हनुमान का कहना है कि इसके बाद मार्च, अप्रैल और मई में किश्तों नगद, पेटीएम और खाते से 5.5 लाख रुपए भूपेंद्र को दिए। 10 लाख रुपए लेने के बाद भी अभी तक गाड़ी नहीं मिली और ना ही आरोपी रुपए लौटा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *