नवकार हॉस्पिटल में बवाल: महिला की मौत के बाद भिड़ा ससुराल-मायका पक्ष, जमकर मारपीट…

Posted by

 

रायपुर। राजधानी के नवकार हॉस्पिटल में शुक्रवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब इलाज के दौरान एक महिला की मौत के बाद मायके और ससुराल पक्ष आमने-सामने आ गए। मामला टिकरापारा थाना क्षेत्र का है।
 
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक, संतोषी नगर के शिव नगर निवासी यास्मिन ने गुरुवार को अपने घर में फांसी लगा ली थी, जिसके बाद उसे गंभीर हालत में रिंग रोड स्थित नवकार अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शुक्रवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
 
मौत की खबर मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे और महिला के पति इरशाद सहित ससुराल पक्ष पर मारपीट के बाद हत्या कर फांसी पर लटकाने का आरोप लगाया।
 
अस्पताल में मारपीट, घंटों हंगामा…
आरोप-प्रत्यारोप के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट शुरू हो गई। अस्पताल परिसर में लात-घूंसे चले, जिससे अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया।
 
हालात को देखते हुए अस्पताल और आसपास के इलाके में पुलिस बल तैनात किया गया। बताया जा रहा है कि काफी देर तक अस्पताल परिसर में तनाव बना रहा।
 
परिजनों के गंभीर आरोप
मृतका के परिजनों का आरोप है कि शादी के 6 वर्षों के दौरान यास्मिन के साथ कई बार मारपीट की गई थी और मामला कई बार थाने तक पहुंचा था। उनका दावा है कि घटना वाले दिन भी पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद हत्या कर शव को फांसी पर लटका दिया गया।
 
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *