कोटा के BSUP कॉलोनी में आधा क्विंटल गांजा बेचने वाला गनी भाई गिरफ्तार

Posted by

रायपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संतोष सिंह के दिशा निर्देश पर रायपुर पुलिस द्वारा निजात अभियान के तहत नशे के विरूद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें समस्त थाना एवं एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट की टीम द्वारा लगातार कार्यवाही की जा रहीं है। नारकोटिक्स एक्ट पर प्रभावी कार्यवाही करने हेतु एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट की विशेष टीम का गठन किया गया है साथ ही समस्त थाना प्रभारियों को नशे की सामाग्री बिक्री करने वालों एवं सप्लाई करने वालों पर कठोर कार्यवाही करने निर्देशित किया गया है।

इसी तारतम्य में दिनांक 20.02.2024 को एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट अंतर्गत गठित नारकोटिक्स सेल को सूचना प्राप्त हुई कि थाना सरस्वती नगर क्षेत्रांतर्गत बी.एस.यू.पी कॉलोनी स्थित एक मकान में एक व्यक्ति गांजा रखा है तथा ब्रिकी करने की फिराक में है। जिस पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पश्चिम जय प्रकाश बढ़ई, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध पीताम्बर सिंह पटेल, नगर पुलिस अधीक्षक आजाद चौक मयंक गुर्जर (भा.पु.से.) एवं उप पुलिस अधीक्षक क्राईम दिनेश सिन्हा द्वारा प्रभारी एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट तथा थाना प्रभारी सरस्वती नगर को सूचना की तस्दीक कर आरोपी को गांजा के साथ रंगे हाथ पकड़ने निर्देशित किया गया। जिस पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट तथा थाना सरस्वती नगर पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा उक्त स्थान पर जाकर मुखबीर द्वारा बताये मकान को चिन्हांकित कर मकान में रेड कार्यवाही किया गया। रेड कार्यवाही के दौरान मकान में 1 व्यक्ति उपस्थित था। जिसने पूछताछ में अपना नाम गनी खान निवासी सरस्वती नगर होना बताया। टीम के सदस्यों द्वारा मकान की तलाशी लेने पर मकान में गांजा रखा होना पाया गया। जिस पर आरोपी गनी खान को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लगभग 50 किलोग्राम गांजा तथा घटना से संबंधित 01 नग मोबाईल फोन जुमला कीमती लगभग 5,00,000/- रूपये जप्त कर आरोपी के विरूद्ध थाना सरस्वती नगर में अपराध क्रमांक 53/2024 धारा 20बी नारकोटिक्स एक्ट का अपराध पंजीबद्ध कर कार्यवाही किया गया। आरोपी पूर्व में भी गांजा तस्करी के प्रकरण में हरियाणा एवं मध्यप्रदेश राज्य में भी जेल निरूद्ध रह चुका है। गिरफ्तार आरोपी – गनी खान पिता अली असगर उम्र 42 साल सा. ब्लाक नं-26 म.नं-01 बी.एस.यू.पी.कालोनी थाना सरस्वती नगर रायपुर। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *