लोक जगत, रायपुर। राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी क्षेत्रांतर्गत रामनगर स्थित ‘श्री लक्ष्मी विनायक ज्वेलर्स’ में हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट (ACCU) और रामनगर पुलिस चौकी की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य साजिशकर्ता समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से सोने-चांदी के जेवर, वारदात में इस्तेमाल कार और बिना नंबर की एक्टिवा सहित कुल 14,51,700 रुपये की संपत्ति जब्त की है।
कर्ज से परेशान होकर रची चोरी की साजिश
मामले का मुख्य आरोपी विशाल सचदेव (38 वर्ष) है, जिसने महासमुंद में बर्फ की फैक्ट्री खोली थी। फैक्ट्री में भारी घाटा होने और कर्जदारों के बढ़ते दबाव के कारण उसने चोरी का रास्ता चुना। विशाल ने अपनी ही फैक्ट्री के कर्मचारी सूरज ढीमर (32 वर्ष) और एक अन्य साथी के साथ मिलकर योजना बनाई।

रेकी और पहली कोशिश: आरोपियों ने रामनगर कर्मा चौक स्थित श्री लक्ष्मी विनायक ज्वेलर्स को निशाना बनाने के लिए कुछ दिनों तक रेकी की। इसके बाद 26-27 सितंबर की दरमियानी रात को दुकान की दीवार में आधा छेद करके छोड़ दिया।
चोरी की वारदात: इसके बाद 29-30 सितंबर की रात दोबारा पहुंचकर आरोपियों ने छेद को बड़ा किया, दुकान के अंदर प्रवेश किया और डिस्प्ले में रखे सोने व चांदी के आभूषण पार कर दिए।
पुलिस की कार्रवाई और जप्ती
दुकान संचालक सुनील जैन की शिकायत पर थाना गुढ़ियारी में बीएनएस (BNS) की धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। घटना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर बनी विशेष टीम ने सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों व मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों को धर दबोचा।
बरामद किया गया सामान:
0 सोने के आभूषण (कीमत लगभग ₹50,000)
0 3.5 किलोग्राम चांदी के आभूषण (कीमत लगभग ₹7,91,700)
0 आर्टिफिशल आभूषण (कीमत लगभग ₹10,000)
0 घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार (CG 04 MT 8303) एवं बिना नंबर की एक्टिवा।
मामले में संलिप्त एक अन्य आरोपी फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।







Leave a Reply