,

दिल्ली में छात्रों पर कथित लाठीचार्ज के विरोध में रतनपुर कांग्रेस का प्रदर्शन, प्रधानमंत्री का पुतला दहन कर की नारेबाजी

बिलासपुर। दिल्ली के जंतर-मंतर में छात्र-छात्राओं पर हुए कथित लाठीचार्ज और विपक्षी नेताओं के साथ कथित दुर्व्यवहार के विरोध में गुरुवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी रतनपुर के तत्वावधान में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया।

प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई के सदस्य एवं स्थानीय कांग्रेसजन शामिल हुए। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने वाले छात्र-छात्राओं की आवाज को बलपूर्वक दबाने का प्रयास किया जा रहा है, जो लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए चिंताजनक है।कोटा विधानसभा के विधायक अटल श्रीवास्तव ने कहा कि लोकतंत्र में छात्रों, युवाओं और आम नागरिकों को अपनी बात रखने का पूरा अधिकार है। यदि शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने वालों पर बल प्रयोग किया जाता है तो यह लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हर स्तर पर छात्रों और युवाओं की आवाज उठाने का कार्य करती रहेगी।जिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) के अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री ने कहा कि देश के छात्र-युवा अपने अधिकारों और भविष्य को लेकर आवाज उठा रहे हैं, लेकिन उनकी मांगों को सुनने के बजाय उन पर बल प्रयोग किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विरोध दर्ज कराना प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है और सरकार को छात्रों की बात सुननी चाहिए, न कि दमनकारी रवैया अपनाना चाहिए। कांग्रेस पार्टी छात्रों के अधिकारों की रक्षा के लिए सदैव उनके साथ खड़ी रहेगी।ब्लॉक कांग्रेस कमेटी रतनपुर के अध्यक्ष सुभाष अग्रवाल ने कहा कि दिल्ली में छात्र-छात्राओं के साथ हुई कथित बर्बरता अत्यंत निंदनीय है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर कर रही है और विरोध की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस प्रकार की घटनाओं का पुरजोर विरोध करती है तथा छात्रों के सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी।वार्ड क्रमांक 4 के पार्षद सुनील अग्रवाल ने कहा कि छात्र देश का भविष्य हैं और उनकी आवाज को दबाने का प्रयास किसी भी लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस छात्रों के सम्मान, शिक्षा और अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करती रहेगी तथा जनहित के मुद्दों पर सड़क से सदन तक आवाज उठाएगी।कांग्रेस कमेटी के ग्रामीण महामंत्री शीतल जायसवाल ने कहा कि छात्रों के साथ कथित अत्याचार लोकतांत्रिक मूल्यों पर आघात है। उन्होंने कहा कि सरकार को दमन की नीति छोड़कर संवाद और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्राथमिकता देनी चाहिए। कांग्रेस पार्टी अन्याय के खिलाफ हमेशा संघर्ष करती रहेगी।प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और कहा कि लोकतंत्र में दमनकारी नीतियों को किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, वरिष्ठ कांग्रेसजन, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई के कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Categories