नाबालिग के माँ बनने से हड़कंप: शादी का झांसा देने वाले प्रेमी पर दर्ज FIR, DNA रिपोर्ट तय करेगी आरोपी का भविष्य…

लोक जगत, धमधा। छत्तीसगढ़ के धमधा थाना क्षेत्र के एक गाँव में नाबालिग किशोरी द्वारा एक नवजात बच्चे को जन्म देने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता ने अपने प्रेमी पर शादी का झांसा देकर लंबे समय तक शारीरिक संबंध बनाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और सच्चाई की पुष्टि के लिए डीएनए (DNA) टेस्ट कराने की तैयारी कर रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता की तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे स्वास्थ्य केंद्र ले गए थे, जहाँ उसने एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया। नाबालिग के माँ बनने की खबर फैलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। परिजनों की पूछताछ में किशोरी ने बताया कि उसके गाँव के ही एक युवक के साथ प्रेम संबंध थे। युवक ने उससे शादी करने का वादा किया था और इसी झांसे में रखकर उसके साथ लगातार शारीरिक संबंध बनाता रहा।
जब किशोरी गर्भवती हुई और उसने शादी के लिए दबाव बनाया, तो आरोपी अपने वादे से मुकर गया और दूरी बनाने लगा। पीड़िता के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं और पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
धमधा पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच के लिए कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पितृत्व (Paternity) की पुष्टि और मामले की तह तक पहुँचने के लिए नवजात, पीड़िता और आरोपी का DNA टेस्ट कराया जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *