लोक जगत, रायपुर। त्योहारों के इस सीजन में राजधानी रायपुर के बाजारों और मुख्य मार्गों पर सुगम और सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने के लिए यातायात पुलिस ने अपनी कमर कस ली है। गलत तरीके से वाहन पार्क करने वालों के खिलाफ शहरभर में एक विशेष और कड़ा अभियान शुरू किया गया है।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में शहर के प्रमुख व्यावसायिक और भीड़भाड़ वाले इलाकों में लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि त्योहारी खरीदारी करने आने वाले आम नागरिकों को किसी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े।

इन प्रमुख इलाकों में रही विशेष सख्ती…
यातायात अमले द्वारा पुरानी बस्ती, मालवीय रोड, रायपुरा, महोबा बाजार, शारदा चौक, पचपेड़ी नाका, पंडरी कपड़ा बाजार, तेलीबांधा और तेलघानी नाका समेत कई व्यस्त मार्गों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। त्यौहारों के समय बाजारों में वाहनों का दबाव बढ़ने के कारण पुलिस पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रही है।
एक दिन में 527 वाहनों पर एक्शन
अभियान के पहले दिन नियमों को ताक पर रखकर नो-पार्किंग जोन में गाड़ियां खड़ी करने वाले कुल 527 वाहन चालकों पर ई-चालानी कार्रवाई की गई। यह कार्रवाई आधुनिक तकनीक (पीओएस मशीन और आईटीएमए प्रणाली) के माध्यम से की गई है, जिससे यातायात व्यवस्था में बाधा डालने वालों पर नकेल कसी जा सके।
इन लापरवाहियों पर पुलिस की विशेष नजर:
0 नो-पार्किंग: तय स्थानों के बजाय प्रतिबंधित जगहों पर वाहन खड़े करना।
0 सड़क पर जाम: मुख्य मार्गों या सड़क के बीचों-बीच गाड़ियां खड़ी कर रास्ता रोकना।
0 अव्यवस्थित बसें: सड़क के बीच में बसें रोककर सवारियों को चढ़ाना-उतारना।
0 भारी वाहन: सर्विस रोड पर ट्रक और बड़े वाहन खड़े करके आवाजाही बाधित करना।
यातायात पुलिस की दो टूक अपील
प्रशासन ने शहर के सभी वाहन चालकों, दुकानदारों और ट्रांसपोर्टर्स से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें और अपने वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही लगाएं। सड़क पर कहीं भी बेतरतीब गाड़ी खड़ी करने से बचें ताकि दूसरों का सफर आसान बना रहे।
याद रखें, त्योहारों के इस पूरे सीजन के दौरान यह विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।








Leave a Reply