लोक जगत, रायपुर। राजधानी रायपुर में संचालित ‘संवाद से समाधान’ अभियान के तहत आज एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान रायपुर पुलिस आयुक्त श्री संजीव शुक्ला ने C-4 सभागार में ‘अर्पण दिव्यांग पब्लिक स्कूल’ (राजेंद्र नगर) के विद्यार्थियों से मुलाकात की और उनसे विभिन्न विषयों पर खुलकर चर्चा की।
बातचीत के दौरान पुलिस आयुक्त ने बच्चों के शिक्षण, प्रशिक्षण और उनकी दिनचर्या के बारे में जानकारी ली। बच्चों के बीच सहज माहौल बनाते हुए पुलिस कमिश्नर ने उनसे सांकेतिक भाषा (साइन लैंग्वेज) के शुरुआती तौर-तरीके भी सीखे और उनके हौसले की सराहना की।

कंट्रोल रूम और थाने की कार्यप्रणाली से हुए रूबरू…
एक्सपोजर विजिट के हिस्से के रूप में बच्चों को पुलिस कंट्रोल रूम तथा सिविल लाइन थाने का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। दिव्यांग विद्यार्थियों ने पूरे आत्मविश्वास और परिपक्वता के साथ पुलिस अधिकारियों के समक्ष अपनी बात रखी। संवाद के दौरान बच्चों ने अपनी रुचियों—विशेषकर क्रिकेट और सिनेमा—के प्रति अपने लगाव को अधिकारियों के साथ साझा किया।
कार्यक्रम में गणमान्य जनों की मौजूदगी…
इस आत्मीय आयोजन में पुलिस उपायुक्त (मध्य क्षेत्र) श्री तारकेश्वर पटेल, अर्पण संस्थान से डॉ. राकेश पांडेय, संयोजिका श्रीमती सीमा छाबड़ा, प्राचार्य श्री कमलेश शुक्ला सहित विद्यालय का शैक्षणिक अमला, पुलिस बल के वरिष्ठ अधिकारी और पत्रकार बंधु उपस्थित थे।
अधिकारियों के लिए प्रेरणादायी रहा क्षण…
बच्चों की प्रतिभा, सकारात्मक सोच और आत्मबल ने उपस्थित सभी अधिकारियों का दिल जीत लिया। पुलिस सेवा की निरंतर व्यस्तताओं के मध्य विशेष बच्चों संग बिताए इन पलों को अधिकारियों ने एक अत्यंत सुखद, ऊर्जावान और आत्मीय अनुभव करार दिया।







Leave a Reply