चाकू लहराकर दहशत फैलाने वाला आरोपी गिरफ्तार, खमतराई पुलिस की त्वरित कार्रवाई…

लोक जगत, रायपुर। राजधानी के खमतराई थाना क्षेत्र के अंतर्गत पुलिस ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था बनाए रखते हुए सार्वजनिक स्थान पर हथियार लहराकर आम नागरिकों को भयभीत करने वाले एक बदमाश को दबोचा है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक धारदार स्टील का चाकू भी जब्त किया है।

मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक थाना खमतराई में पदस्थ आरक्षक मोहित वर्मा और आरक्षक नरेन्द्र सिंह क्षेत्र में गश्त व विवेचना कार्य के लिए निकले थे। इसी दौरान पुलिसकर्मियों को मुखबिर से गुप्त सूचना मिली कि भनपुरी स्थित 09 ब्लॉक गार्डन के पास एक संदिग्ध युवक हाथ में धारदार चाकू लेकर आने-जाने वाले लोगों को धमका रहा है और इलाके में दहशत का माहौल बना रहा है।
घेराबंदी कर पकड़ा गया आरोपी
सूचना मिलते ही सतर्क हुई पुलिस टीम ने गवाहों को साथ लेकर तुरंत बताए गए स्थान पर दबिश दी और संदिग्ध व्यक्ति को धर दबोचा। पूछताछ के दौरान उसने अपनी पहचान हेमंत साहू (उम्र 25 वर्ष), निवासी फुलवारी चौक के पास, रांवाभाठा, थाना खमतराई, जिला रायपुर के रूप में बताई।
जज की रिमांड पर भेजा गया जेल
तलाशी लेने पर आरोपी के पास से लगभग साढ़े ग्यारह इंच (11.5 इंच) लंबा एक धारदार और नुकीला स्टील का चाकू बरामद हुआ। पुलिस ने गवाहों के सामने हथियार को जब्त कर लिया। आरोपी हेमंत साहू के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत अपराध (क्र. 1139/26) पंजीबद्ध किया गया है। उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के आदेशानुसार (ज्यूडिशियल रिमांड) जेल भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *