छत्तीसगढ़ में धीरे-धीरे बढ़ रहा ठंड का असर: रातें हुईं सर्द, कई शहरों में सामान्य से नीचे लुढ़का पारा…

लोक जगत, रायपुर। प्रदेश में धीरे-धीरे ठंड का असर बढ़ने लगा है। खासकर रात के समय तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की जा रही है, जिससे रातें काफी सर्द हो गई हैं। प्रदेश के कई शहरों में न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे पहुंच गया है, जिसके कारण शाम ढलते ही सिहरन महसूस होने लगी है।
मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, आने वाले दिनों में ठंड की यह रफ्तार जारी रहेगी। हालांकि, मौसम वैज्ञानिकों ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश में अगले दो दिनों तक न्यूनतम और अधिकतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। मौसम शुष्क बना रहेगा और रात के समय हल्की से मध्यम ठंड का प्रभाव बना रहेगा।

ग्रामीण और मैदानी इलाकों में अधिक ठंड…
शहरों के साथ-साथ ग्रामीण व मैदानी इलाकों में ठंड का असर ज्यादा देखा जा रहा है। देर रात और अलसुबह हल्की धुंध के साथ ठंडी हवाएं चल रही हैं। तापमान में गिरावट को देखते हुए लोगों ने गर्म कपड़े निकालने शुरू कर दिए हैं।
अगले 48 घंटों का पूर्वानुमान
मौसम विभाग की मानें तो अगले 48 घंटों तक राज्य भर में मौसम का मिजाज इसी तरह बना रहेगा। पश्चिमी और उत्तरी हवाओं के प्रभाव से आने वाले समय में रात के तापमान में और अधिक गिरावट आने के आसार हैं, जिससे नवंबर के उत्तरार्ध में ठंड और तीव्र हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *