लोक जगत, भिलाई। दुर्ग के श्रीशिवम मॉल स्थित सहेली ज्वेलर्स आर्म्स के संचालक से नकली सोने के जेवर गिरवी रखकर 8.25 लाख रुपए ठगने का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस जालसाजी में शामिल एक महिला सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपियों ने संचालक को असली सोने का झांसा देकर नकली आभूषण गिरवी रखे और ऐवज में 8.25 लाख रुपए की नकद राशि हासिल कर ली। बाद में जब ज्वेलर्स संचालक ने गहनों की गहन जांच करवाई, तो उनके नकली होने का खुलासा हुआ।
ठगी का अहसास होते ही पीड़ित संचालक ने तत्काल संबंधित थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और तकनीकी सर्विलांस व मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें धर दबोचा।
आरोपियों के पास से ठगी की राशि और अन्य सामान बरामद करने के संबंध में पुलिस पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य संभावित संपर्कों की भी जांच की जा रही है।








Leave a Reply