लोक जगत, बालोद। जिले के डौंडीलोहारा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम कोरगुड़ा स्थित पंचायत भवन में चलाए जा रहे एक कथित फर्जी स्वास्थ्य शिविर का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने ठगी करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हैदराबाद की ‘रेट्रो ह्यूमेनकेयर फाउंडेशन’ नामक संस्था के नाम पर चार लोगों ने गांव-गांव में मुनादी कराई थी। ग्रामीणों को झांसे में लेने के लिए स्थानीय कांग्रेस विधायक व पूर्व मंत्री अनिला भेंडिया की तस्वीर वाले पोस्टर पूरे क्षेत्र में लगाए गए थे। पोस्टर में दावा किया गया था कि 8 हजार रुपये से अधिक खर्च वाला इलाज और 100 तरह की स्वास्थ्य जांच महज 100 रुपये के पंजीकरण शुल्क में की जाएगी।
विधायक का फोटो और बड़े-बड़े दावों को देखकर बड़ी संख्या में ग्रामीण पंचायत भवन पहुंचे। शिविर की संदिग्ध गतिविधियों और फर्जीवाड़े की भनक लगते ही पुलिस को सूचित किया गया। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने जांच-पड़ताल की, जिसमें संस्था और शिविर दोनों ही पूरी तरह फर्जी पाए गए।
पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मौके से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के पास से प्रचार सामग्री, पोस्टर और फर्जी रसीद कट्टे जब्त किए गए हैं। पुलिस मामला दर्ज कर यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह ने अब तक कितने ग्रामीणों को चूना लगाया है और इनके तार कहां-कहां जुड़े हैं।







Leave a Reply