जमीन बेचने से नाराज कलयुगी बेटे ने पिता की कुल्हाड़ी मारकर की हत्या, सरगुजा के दरिमा क्षेत्र की घटना…

लोक जगत, अंबिकापुर। सरगुजा जिले के दरिमा थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां जमीन बेचने की बात को लेकर उपजे विवाद में एक बेटे ने अपने ही पिता की निर्मम हत्या कर दी। आरोपी बेटे ने अपने पिता के सिर पर टांगी (कुल्हाड़ी) से जानलेवा हमला कर दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

मिली जानकारी के अनुसार, दरिमा थाना अंतर्गत स्थित गांव में मृतक पिता ने हाल ही में अपने स्वामित्व की कुछ जमीन बेची थी। इस बात से आरोपी बेटा काफी समय से नाराज चल रहा था। जमीन की बिक्री और उससे मिले पैसों को लेकर पिता और बेटे के बीच अक्सर कहा-सुनी होती रहती थी।

घटना के दिन भी इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते बहस इतनी बढ़ गई कि गुस्से में आकर बेटे ने घर में रखी कुल्हाड़ी उठा ली और पिता के सिर पर ताबड़तोड़ प्रहार कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण पिता की मौके पर ही तड़प-तड़पकर मौत हो गई।
चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तुरंत इसकी सूचना दरिमा थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी बेटे को हिरासत में ले लिया है और घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी को जब्त कर आगे की कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *