परिसीमन पर राहुल गांधी का हमला, लोकसभा सीटें बढ़ाकर चुनावी नक्शा बदलने का लगाया आरोप…

लोक जगत, नई दिल्ली। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए हैं। कांग्रेस नेता ने दावा किया कि सरकार महिला आरक्षण की आड़ में परिसीमन (डिलिमिटेशन) बिल लाकर लोकसभा सीटों की संख्या 543 से बढ़ाकर 850 करने की तैयारी कर रही है। उनके अनुसार, इसका मुख्य उद्देश्य देश के चुनावी नक्शे को अपने अनुकूल बदलना और विपक्षी नेताओं व विशिष्ट समुदायों के प्रतिनिधित्व को कमजोर करना है।

राहुल गांधी ने कहा कि महिला आरक्षण कानून पहले ही पारित हो चुका है और इसे तुरंत लागू किया जा सकता है, इसलिए सीटों की संख्या बढ़ाने के पीछे राजनीतिक मंशा है। उन्होंने जम्मू-कश्मीर, असम, बिहार और पश्चिम बंगाल का उदाहरण देते हुए चुनावी प्रक्रिया और मतदाता सूची में अनियमितताओं के आरोप भी दोहराए। इसके अलावा, उन्होंने परिसीमन आयोग की संरचना और मुख्य चुनाव आयुक्त की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि आयोग के फैसलों को अदालत में चुनौती न दिए जा सकने का प्रावधान लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए चिंताजनक है। उन्होंने युवाओं (जेन-Z) से इस मुद्दे पर सतर्क रहने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *