महिला सुरक्षा को लेकर ‘पिंक पेट्रोल’ की समीक्षा, अब तक 233 शिकायतों का हुआ निपटारा…

लोक जगत, रायपुर। राजधानी में महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए पुलिस कमिश्नरेट के तीनों जोन की ‘पिंक पेट्रोल टीम’ की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। पुलिस उपायुक्त डॉ. अर्चना झा और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त निमिषा पाण्डेय की मौजूदगी में हुई इस बैठक में स्कूल, कॉलेज, कोचिंग सेंटर, छात्रावास और भीड़भाड़ वाले इलाकों में नियमित गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए गए।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि महिलाओं से जुड़ी किसी भी शिकायत या संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल वैधानिक कार्रवाई की जाए। बैठक में बताया गया कि पिंक पेट्रोल टीम ने अब तक प्राप्त 233 शिकायतों का त्वरित निराकरण किया है।

टीम के प्रमुख सराहनीय कार्य:
0 चोरी का खुलासा: कोटा क्षेत्र से एक छात्रा की चोरी हुई साइकिल को सीसीटीवी फुटेज की मदद से बरामद कर आरोपी को सरस्वती नगर पुलिस के हवाले किया गया।
0 असहाय की मदद: पंडरी इलाके में मिली एक बीमार और असहाय महिला को भोजन व फल उपलब्ध कराकर सुरक्षित रूप से नारी निकेतन में भर्ती कराया गया।
0 परिवार बचाया: टिकरापारा क्षेत्र में पति-पत्नी के आपसी विवाद में समझाइश और मध्यस्थता कर एक परिवार को टूटने से बचाया गया।

पुलिस प्रशासन ने कहा कि राजधानी में महिलाओं को भयमुक्त वातावरण देने के लिए पिंक पेट्रोलिंग की सक्रियता को आगे और बढ़ाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *