रायपुर के स्पा सेंटर से भगवान बुद्ध की तस्वीर हटाने की मांग, बौद्ध महासभा के ज्ञापन पर पुलिस की तुरंत कार्रवाई…

लोक जगत, रायपुर। राजधानी के आजाद चौक थाना क्षेत्र स्थित समता कॉलोनी के एक स्पा सेंटर के होर्डिंग पर तथागत भगवान गौतम बुद्ध के चित्र के साथ मसाज की तस्वीर लगाने का मामला सामने आया है। इस पर आपत्ति जताते हुए भारतीय बौद्ध महासभा के एक प्रतिनिधिमंडल ने आजाद चौक थाना प्रभारी अर्चना धुरंधर से भेंट कर उन्हें ज्ञापन सौंपा।
संगठन ने पुलिस से मांग की कि क्षेत्र के सभी स्पा और मसाज सेंटरों की जांच की जाए और जहाँ भी भगवान बुद्ध के चित्रों का अनुचित प्रयोग हुआ है, उन्हें तुरंत हटवाया जाए। ज्ञापन पर तत्काल संज्ञान लेते हुए थाना प्रभारी अर्चना धुरंधर ने संबंधित स्पा सेंटर के संचालक को तलब किया और आपत्तिजनक पोस्टर को तुरंत हटाने का आदेश जारी किया।

पुलिस प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई पर भारतीय बौद्ध महासभा ने आभार व्यक्त किया। संगठन के प्रतिनिधियों का कहना है कि भगवान गौतम बुद्ध के चित्रों और प्रतीकों का उपयोग केवल सम्मानजनक स्थानों पर ही होना चाहिए।
इस दौरान भारतीय बौद्ध महासभा युवा विंग के अध्यक्ष प्रफुल्ल मेश्राम, महासचिव अरुण बागड़े, उपाध्यक्ष अरजू रामटेके, सचिव आदित्य रामटेके, सचिव श्वेता मेश्राम के साथ पंचशील बौद्ध संघ की पूर्व अध्यक्ष अरुणा मेश्राम और अरुणा राव प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। संगठन ने त्वरित कदम उठाने के लिए रायपुर पुलिस प्रशासन की सराहना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *