लोक जगत, हैदराबाद। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने तेलंगाना सरकार द्वारा आयोजित दो दिवसीय ‘भारत समिट’ को संबोधित करते हुए केंद्र सरकार, भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों की कड़ी आलोचना की है। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि वर्ष 2014 के बाद से देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था कमजोर हुई है और वर्तमान में भारत का लोकतंत्र खतरे में है।

चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची पर सवाल…
अपने संबोधन में कांग्रेस नेता ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव 2024 के बाद कई राज्यों में मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण के दौरान करोड़ों मतदाताओं के नाम हटा दिए गए। महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों का उदाहरण देते हुए उन्होंने दावा किया कि बहुत कम समय में लाखों नए मतदाता जोड़े गए, जिसका सीधा फायदा सत्ताधारी दल को मिला।
पूंजीपतियों और संस्थाओं पर बयान
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि देश में राजनीति और बड़े उद्योगपतियों के बीच की दूरी खत्म हो गई है, जिससे चुनिंदा व्यापारियों की संपत्ति में बेतहाशा वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं पर दबाव होने के बावजूद विपक्ष जनता से सीधा संवाद कर अपनी लड़ाई लड़ रहा है। उन्होंने ‘भारत जोड़ो यात्रा’ का जिक्र करते हुए कहा कि सत्य और अहिंसा के मार्ग से वे सत्ता परिवर्तन करेंगे।
विदेशी प्रतिनिधियों के वीजा और भाजपा का विरोध…
इस सम्मेलन में शामिल होने आ रहे कई विदेशी मेहमानों और पत्रकारों के वीजा रद्द होने पर राहुल गांधी ने खेद जताया और इसे केंद्र सरकार की रोक बताया। वहीं, इस मामले पर विदेश मंत्रालय का कहना है कि वीजा जारी करना या रद्द करना किसी भी देश का संप्रभु अधिकार है। दूसरी ओर, कार्यक्रम स्थल के बाहर भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा (भाजयुमो) के कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस पर चुनावी वादे पूरे न करने का आरोप लगाते हुए राहुल गांधी के दौरे के खिलाफ विरोध प्रदर्शन भी किया।








Leave a Reply