कार की चाबी देने से किया इंकार तो पेट्रोल डालकर स्वीफ्ट डिजायर कार में लगा दी आग…

लोक जगत, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। मरवाही थाना क्षेत्र अंतर्गत सिवनी गांव में मामूली विवाद के बाद कार में आग लगाने का मामला सामने आया है। कार की चाबी देने से मना करने पर गुस्साए युवक ने वाहन मालिक को कार जलाने की धमकी दी और फिर पेट्रोल डालकर स्विफ्ट डिजायर कार को आग के हवाले कर दिया। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई।

जानकारी के अनुसार, ग्राम सिवनी निवासी राजीव लोचन गुप्ता (36 वर्ष), पिता कौशल प्रसाद गुप्ता की बस स्टैंड में किराना दुकान है। उनके नाम पर स्विफ्ट डिजायर कार क्रमांक CG 31 C 5578 पंजीकृत है। कार की बैटरी डिस्चार्ज होने के कारण उन्होंने वाहन को मुकेश शर्मा के घर के पास खड़ा कर लॉक कर दिया था।

इसी दौरान गांव का रहने वाला बेटू उर्फ अभिनव शर्मा राजीव की दुकान पहुंचा और पेंड्रा जाने के लिए कार की चाबी मांगने लगा। राजीव ने चाबी देने से इनकार कर दिया। इससे नाराज आरोपी ने कार में आग लगाने की धमकी दी और पेट्रोल डालकर वाहन में आग लगा दी।

कार से आग की लपटें उठती देख आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। सौरभ साहू, दीनदयाल यादव और मिंटू कुशवाहा सहित अन्य लोगों ने पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी।

घटना के बाद पीड़ित राजीव लोचन गुप्ता ने चौकी सिवनी पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने बेटू उर्फ अभिनव शर्मा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 324(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *