लोक जगत, कोरबा। जिले के अलग-अलग इलाकों में दो युवकों की आकस्मिक मौत का मामला सामने आया है। इनमें से एक घटना में घर की बिजली सुधारते समय करंट लगने से युवक की जान चली गई, वहीं दूसरी घटना में ट्रैक्टर चालक की संदिग्ध परिस्थितियों में चोट लगने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई।

पहली घटना: बिजली सुधारते वक्त हुआ हादसा…
श्यांग थाना अंतर्गत गिरारी गांव में यह दुखद घटना घटी। यहां रहने वाला 25 वर्षीय सुखसागर अपने परिवार का एकमात्र सहारा था, जो खेती-किसानी कर जीवनयापन करता था। महज 8 महीने पहले ही उसकी शादी हुई थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शाम के वक्त जब घर में अंधेरा था और रसोई में खाना बन रहा था, तब सुखसागर बिजली की किसी खराबी को ठीक करने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान वह अचानक करंट की चपेट में आ गया। परिजन आनन-फानन में उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
दूसरी घटना: संदेहास्पद स्थिति में घायल होने से हुई मौत…
उरगा थाना क्षेत्र के पहाड़ गांव में दूसरी दर्दनाक घटना सामने आई। बरमपुर (कोरबा) निवासी 32 वर्षीय रामकुमार पटेल पेशे से ट्रैक्टर चालक था। वह ट्रैक्टर लेकर पहाड़ गांव गया हुआ था, लेकिन वापस नहीं लौटा।
शुरुआती बयानों के मुताबिक, रामकुमार नहर के समीप रुका था और तभी वहां गिरने से उसे गंभीर चोटें आईं। बाद में परिजनों को सूचना मिली कि वह जिला अस्पताल में भर्ती है, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। हालांकि, उसकी मौत के वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है।








Leave a Reply