गरियाबंद: एसडीएम की चेतावनी के बाद भी अवैध उत्खनन जारी, कलेक्टर और एसपी से शिकायत, खनिज विभाग पर उठे सवाल…

लोक जगत, फिंगेश्वर। नगर पंचायत फिंगेश्वर और आसपास के ग्रामीण अंचलों में रेत के अवैध उत्खनन को लेकर जमकर बवाल मचा हुआ है। क्षेत्र की सुखी नदी में रेत माफियाओं द्वारा धड़ल्ले से अवैध खनन किया जा रहा है, जिससे स्थानीय ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों में भारी आक्रोश है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हाल ही में गरियाबंद एसडीएम द्वारा अवैध उत्खनन पर सख्त रुख अपनाते हुए कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई थी। बावजूद इसके, रेत माफियाओं के हौसले इतने बुलंद हैं कि प्रशासनिक आदेशों और चेतावनियों को दरकिनार कर बेधड़क उत्खनन और परिवहन जारी है। दिन-रात नदी का सीना चीरकर पोकलेन और जेसीबी मशीनों के माध्यम से रेत निकाली जा रही है।

खनिज विभाग की कार्यप्रणाली पर गहराया संदेह…
लगातार जारी इस अवैध कारोबार के बाद अब खनिज विभाग की कार्यप्रणाली और भूमिका पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि शिकायतें मिलने के बाद भी खनिज विभाग की ओर से कोई ठोस या प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है, जिससे माफियाओं को अभयदान मिला हुआ है।

कलेक्टर और एसपी तक पहुंची शिकायत…
प्रशासनिक चेतावनी के बेअसर रहने और खनिज विभाग की सुस्ती से नाराज होकर स्थानीय प्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने मामले की शिकायत सीधे गरियाबंद कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक (एसपी) से की है। शिकायत पत्र में अवैध उत्खनन को तुरंत रोकने, संलिप्त माफियाओं पर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने तथा सुखी नदी के अस्तित्व की रक्षा करने की मांग की गई है।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द ही इस अवैध खनन पर पूर्ण विराम नहीं लगा और दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो वे उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *