लोक जगत, दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के खुर्सीपार थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक 6 साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला उजागर हुआ है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी मकान मालिक को गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित बच्ची का परिवार आरोपी के मकान में किराए पर रहता है। घटना के समय बच्ची घर पर अकेली थी, जिसका फायदा उठाकर आरोपी मकान मालिक ने इस घिनौने अपराध को अंजाम दिया। बच्ची के परिजनों के घर लौटने पर जब उसने आपबीती बताई, तो परिजनों के होश उड़ गए।

परिजनों की शिकायत पर खुर्सीपार थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल प्राथमिकी (FIR) दर्ज की। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं और पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और बच्ची का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। आरोपी से पूछताछ जारी है तथा उसे न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है। इस घटना के बाद से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है और वे आरोपी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।








Leave a Reply