लोक जगत, रायपुर। राजधानी के सरस्वती नगर थाना क्षेत्र से एक बेहद झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। पारिवारिक विवाद के दौरान एक कलयुगी पिता ने अपनी ही 6 महीने की मासूम बच्ची को बेरहमी से दो बार जमीन पर पटक दिया, जिससे बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज एक घंटे के भीतर आरोपी पिता को दबोच लिया और उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

क्या है पूरा मामला?
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना 14 अक्टूबर 2026 की रात करीब 1:00 बजे की है। आरोपी आशीष कांवरिया का अपनी पत्नी (प्रार्थीया) के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। गुस्से में अंधे होकर आरोपी ने अपनी ही 6 महीने की दुधमुंही बच्ची को दो बार फर्श पर पटक दिया। इस क्रूरता के कारण बच्ची के सिर में गंभीर अंदरूनी चोटें आईं और वह बेहोश हो गई। परिजनों ने तुरंत उसे गंभीर हालत में रायपुर के एम्स (AIIMS) अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर सरस्वती नगर थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं (296, 351(2), 115(2), 109) के तहत मामला दर्ज कर तुरंत जांच शुरू की गई।
रायपुर पश्चिम के पुलिस उपायुक्त (DCP) रॉबिन्सन गुरिया और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा के निर्देशन तथा सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) डॉ. मानसी नाना भाऊ साकोरे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी चेतन चंद्राकार के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए महज एक घंटे के भीतर आरोपी आशीष कांवरिया (पिता सुदर्शन कांवरिया, निवासी: बीएसयूपी कॉलोनी) को धर दबोचा।
आरोपी को गिरफ्तार कर विधिवत न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। वहीं, एम्स अस्पताल में डॉक्टरों की देखरेख में मासूम बच्ची का इलाज जारी है।








Leave a Reply