लोक जगत, मस्तूरी। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ बिलासपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत एसीसीयू एवं थाना मस्तूरी पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने जयरामनगर रेलवे फाटक के पास ओवरब्रिज के नीचे घेराबंदी कर 13 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 6 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई 13 सितंबर 2026 को की गई। मामले में थाना मस्तूरी में अपराध क्रमांक 640/2026, धारा 20(बी), 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी…
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में जिले में अवैध नशे के कारोबार के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान थाना मस्तूरी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि जयरामनगर रेलवे फाटक के पास ओवरब्रिज के नीचे तीन पुरुष और एक महिला संदिग्ध अवस्था में मौजूद हैं, जिनके पास पिट्ठू बैग और झोले में गांजा रखा हुआ है।
सूचना में यह भी बताया गया कि आरोपी गांजा लेकर ग्राम मटियारी, थाना सीपत क्षेत्र जाने के लिए ऑटो या बस का इंतजार कर रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए एसीसीयू बिलासपुर और थाना मस्तूरी पुलिस की संयुक्त टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्धों को पकड़ा।
तलाशी में मिला 13 किलो गांजा…
पुलिस टीम द्वारा मौके पर मौजूद तीन पुरुष एवं एक महिला की तलाशी लेने पर उनके कब्जे से कुल 13 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने बरामद गांजे की कीमत करीब ₹6,50,000 आंकी है। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे गांजा ओडिशा राज्य के बलांगीर जिले से सस्ते दामों पर खरीदकर बिलासपुर जिले के ग्राम मटियारी एवं आसपास के क्षेत्र में महंगे दामों पर बिक्री करने के उद्देश्य से लेकर आए थे।
पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर गांजा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों, सप्लाई चैन तथा गांजे की खरीद-बिक्री के नेटवर्क के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम…
पुलिस ने मामले में निम्न चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है—
1. आकाश सिसोदिया, पिता राजू सिसोदिया, उम्र 21 वर्ष, निवासी हनुमान मंदिर के पीछे, ग्राम मटियारी, थाना सीपत, जिला बिलासपुर।
2. पूर्वा मालिया, पति आकाश सिसोदिया, उम्र 20 वर्ष, निवासी हनुमान मंदिर के पीछे, ग्राम मटियारी, थाना सीपत, जिला बिलासपुर।
3. कृष्णा पाण्डेय, पिता रंजीत पाण्डेय, उम्र 23 वर्ष, निवासी ग्राम मटियारी, थाना सीपत, जिला बिलासपुर।
4. नीरज नायक, पिता राजाराम नायक, उम्र 19 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 18, झाड़ू मोहल्ला, थाना उमरिया, जिला उमरिया (मध्यप्रदेश)।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई…
अवैध नशे के विरुद्ध की गई इस कार्रवाई को उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह के दिशा-निर्देशन में अंजाम दिया गया। वहीं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीमती मधुलिका सिंह तथा डीएसपी एसीसीयू एवं पुलिस अनुविभागीय अधिकारी श्री सुदीप सरकार के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।
इस कार्रवाई में निरीक्षक गोपाल सतपथी (प्रभारी एसीसीयू), निरीक्षक सलीम खाका (थाना प्रभारी मस्तूरी), उप निरीक्षक सुजान जगत, उप निरीक्षक कमलेश बंजारे, प्रधान आरक्षक प्रमोद सिंह, आरक्षक प्रेम सूर्यवंशी, मुकेश शर्मा, रवि यादव, रमेश यादव एवं धीरेन्द्र तोमर का सराहनीय योगदान रहा।
पुलिस ने मामले में एनडीपीएस एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही पुलिस द्वारा यह भी पता लगाया जा रहा है कि जब्त गांजा किस नेटवर्क के माध्यम से ओडिशा से बिलासपुर तक पहुंचा और स्थानीय स्तर पर इसकी बिक्री में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।







Leave a Reply