ढाई साल पुराने ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी सुलझी, हेल्पर की हत्या कर शव सड़क किनारे फेंकने वाला चालक गिरफ्तार…

लोक जगत, रायपुर। पुराने और लंबित अपराधों की समीक्षा के दौरान खमतराई पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) की संयुक्त टीम को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने करीब ढाई साल पहले एक मालवाहक के हेल्पर की गला घोंटकर हत्या करने और शव को सड़क किनारे फेंककर फरार होने वाले आरोपी चालक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

क्या था पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, 22 जून 2024 को खमतराई क्षेत्र के बंजारी मंदिर के पास राममंदिर-बिलासपुर मुख्य मार्ग के किनारे संतोष साहू नामक युवक का शव बरामद हुआ था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि होने पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 302 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

विवाद के बाद गमछे से घोंटा था गला…
लंबित मामलों की समीक्षा के दौरान पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर जब इस केस की फाइल दोबारा खोली गई और तकनीकी व परिस्थितिजन्य साक्ष्यों का विश्लेषण किया गया, तो पूरे मामले का खुलासा हुआ। जांच में सामने आया कि मृतक संतोष साहू एक ‘छोटा हाथी’ मालवाहक वाहन में हेल्पर था, जबकि बंगारी नगर निवासी राकेश टोप्पो (23 वर्ष) उसी गाड़ी को चलाता था।

21 जून 2024 की शाम दोनों उरकुरा स्थित मंगलम ट्रांसपोर्ट से माल छोड़कर लौट रहे थे। रास्ते में किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। गुस्से में आकर चालक राकेश टोप्पो ने गमछे से संतोष का गला घोंट दिया और सबूत मिटाने की नीयत से शव को सड़क किनारे फेंककर फरार हो गया।

आरोपी भेजा गया जेल…
पुख्ता सबूत मिलने के बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी राकेश टोप्पो को धर दबोचा। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने मामले में साक्ष्य छिपाने की धारा 201 भी जोड़ते हुए आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *