लोक जगत, मुंबई। महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को केंद्रीय जांच एजेंसियों के सहयोग से ओमान से भारत ले आया गया है। सीबीआई (CBI) की टीम मस्कट से उसे भारत लेकर पहुंची है, जहां कागजी प्रक्रियाओं और मेडिकल जांच के बाद उसे रायपुर की विशेष सीबीआई अदालत में प्रस्तुत किया जाएगा। चंद्राकर के खिलाफ इंटरपोल ने रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया था, जिसके आधार पर ओमान पुलिस ने उसे हिरासत में लिया था।

मामले से जुड़े मुख्य बिंदु:
0 अवैध सट्टेबाजी का नेटवर्क: यह सिंडिकेट भारत के बाहर से संचालित हो रहा था। देशभर में फैले फ्रेंचाइजी पैनलों के जरिए क्रिकेट, ताश और अन्य खेलों पर गैर-कानूनी सट्टा लगवाया जाता था।
0 हवाला और फर्जी बैंक खाते: सट्टेबाजी से जुटाया गया पैसा कई फर्जी (म्यूल) बैंक खातों से घुमाते हुए हवाला के जरिए विदेश भेजा जाता था। इसके अलावा नेटवर्क को बिना रुकावट चलाने के लिए कथित तौर पर कुछ अधिकारियों को संरक्षण राशि भी दी जाती थी।
0 कानूनी शिकंजा: सीबीआई ने इस मामले में धोखाधड़ी, आपराधिक साजिश, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम के तहत चार्जशीट दाखिल की है। वहीं ईडी (ED) द्वारा आरोपी की देश-विदेश में स्थित कई संपत्तियां पहले ही जब्त की जा चुकी हैं।
0 पूर्व में हुई कार्रवाई: इससे पहले सितंबर महीने में भी सीबीआई ने इस नेटवर्क से जुड़े एक अन्य प्रमुख आरोपी अभिषेक कुमार को दुबई से आते ही हैदराबाद हवाई अड्डे से गिरफ्तार किया था।







Leave a Reply