रायपुर में बड़ा एक्शन: प्रतिबंधित नाइट्रोसन-10 टेबलेट के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, एक लाख से अधिक का सामान जब्त…

लोक जगत, रायपुर। राजधानी रायपुर में नशे के सौदागरों के खिलाफ पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने प्रतिबंधित नशीली गोलियों (नाइट्रोसन-10) की अवैध खरीद-फरोख्त कर रहे दो आरोपियों को धर दबोचा है। आरोपियों के पास से प्रतिबंधित टेबलेट्स के अलावा एक स्कूटी और मोबाइल फोन समेत कुल 1,43,600 रुपये का मशरूका बरामद किया गया है।

मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, एण्टी नारकोटिक्स टॉस्क फोर्स की टीम को शनिवार को सूचना मिली थी कि थाना गंज अंतर्गत तेलघानी नाका ओवरब्रिज के नीचे एक संदिग्ध युवक दोपहिया वाहन पर सवार होकर नशीली दवाइयां बेचने की फिराक में है। सूचना मिलते ही एएनटीएफ और गंज थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने फौरन मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध को पकड़ लिया।
पकड़े गए युवक की पहचान रोहित धरमवानी (निवासी – गुढ़ियारी, रायपुर) के रूप में हुई। जब पुलिस ने उसकी स्कूटी की डिग्गी की तलाशी ली, तो उसमें से प्रतिबंधित नाइट्रोसन-10 (निट्राजेपम) टेबलेट्स बरामद हुईं। पूछताछ में आरोपी दवाइयों के वैध कागजात या लाइसेंस नहीं दिखा सका।

पूछताछ में खुला दूसरा नाम
कड़ाई से पूछताछ करने पर रोहित ने बताया कि उसने ये प्रतिबंधित नशीली टेबलेट्स फाफाडीह इलाके के रहने वाले करण यादव से हासिल की थीं। इस सुराग पर तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दूसरे आरोपी करण यादव को भी दबोच लिया।
जब्त सामग्री और कानूनी कार्रवाई
पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 209 नग प्रतिबंधित नशीली टेबलेट, घटना में प्रयुक्त स्कूटी (क्रमांक CG 04 RC 5848) और एक मोबाइल फोन जब्त किया है। जप्तशुदा सामग्री की कुल कीमत लगभग 1,43,600 रुपये आंकी गई है।

थाना गंज में दोनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट (नारकोटिक एक्ट) की धारा 22(ख) के तहत अपराध क्रमांक 313/26 पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

नेटवर्क खंगाल रही है पुलिस
पुलिस अब इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि आरोपी इन प्रतिबंधित टेबलेट्स को कहां से मंगवाते थे और इनके पीछे सप्लाई का पूरा नेटवर्क कहां तक फैला हुआ है। तस्करों के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों को भी बेनकाब किया जा सके।

गिरफ्तार आरोपियों का विवरण:
0 रोहित धरमवानी (उम्र 27 वर्ष), पिता – परमेश्वर धरमवानी, निवासी – पार्वती नगर, मुर्राभट्ठी, थाना गुढ़ियारी, रायपुर।
0 करण यादव (उम्र 28 वर्ष), पिता – स्व. बीरबल यादव, निवासी – पाठक गली, फाफाडीह नाकापारा, थाना गंज, रायपुर।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *