लोक जगत, रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के खमतराई इलाके से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुए एक व्यक्ति के अपहरण की गुत्थी को पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। रायपुर और उत्तर प्रदेश पुलिस की संयुक्त व त्वरित कार्रवाई के चलते अपहृत व्यक्ति को सुरक्षित बचाते हुए तीन आरोपियों को मिर्जापुर के अहरौरा क्षेत्र से हिरासत में ले लिया गया है।

दोपहर में हुआ था अपहरण, रात को मिली खबर…
पुलिस के अनुसार, खमतराई के डीएम टावर निवासी अनीता राय ने 2 अक्टूबर की रात करीब 9 बजे शिकायत दर्ज कराई कि उनके पति प्रतीक राय दोपहर से लापता हैं और उनका मोबाइल भी स्विच ऑफ आ रहा है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत रांवाभाठा इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज के विश्लेषण से खुलासा हुआ कि दोपहर करीब 2:28 बजे उत्तर प्रदेश के नंबर वाली काले रंग की स्कॉर्पियो में आए तीन युवकों ने प्रतीक राय का जबरन अपहरण कर लिया था।
तकनीकी सर्विलांस और अंतरराज्यीय समन्वय से मिली सफलता…
घटना की भनक लगते ही पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित तुकाराम कांबले के निर्देश पर स्पेशल टीम का गठन किया गया। डीसीपी (नॉर्थ जोन) दीपमाला कश्यप और एसीपी पूर्णिमा लामा के मार्गदर्शन में खमतराई पुलिस ने वाहन का टेक्निकल सर्विलांस शुरू किया।
जब गाड़ी की लोकेशन उत्तर प्रदेश की ओर बढ़ती दिखी, तो रायपुर पुलिस ने यूपी पुलिस से संपर्क साधा। मिर्जापुर जिले के अहरौरा थाने के साथ-साथ चौपन और रॉबर्ट्सगंज पुलिस को सतर्क करते हुए मुख्य मार्गों और टोल प्लाजा पर सख्त नाकाबंदी कराई गई। रायपुर से मिल रहे पल-पल के लोकेशन अपडेट्स के आधार पर अहरौरा पुलिस ने घेराबंदी कर स्कॉर्पियो को रोक लिया।
पैसों और गाड़ियों के विवाद में की गई वारदात…
पुलिस की प्राथमिक पूछताछ में सामने आया है कि पैसों और गाड़ियों के आपसी लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था, जिसके चलते आरोपियों ने इस वारदात को अंजाम दिया। हिरासत में लिए गए आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई है:
- अभय सिंह (28 वर्ष), निवासी- हैदरगढ़, जिला बाराबंकी (यू.पी.)
- बृहस्पत देव सिंह (27 वर्ष), निवासी- सीहोर, जिला दरियावगंज (यू.पी.)
- आदर्श सिंह (24 वर्ष), निवासी- अलावलपुर, जिला प्रतापपुर (यू.पी.)
मिर्जापुर के अहरौरा में पकड़े गए तीनों आरोपियों को विधिक प्रक्रिया पूरी कर रायपुर लाने के लिए खमतराई थाना प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र जायसवाल के नेतृत्व में पुलिस टीम रवाना हो चुकी है। पुलिस अफसरों ने बताया कि तकनीकी साक्ष्यों और त्वरित अंतरराज्यीय तालमेल के बल पर इस अपहरण कांड का चंद घंटों में पर्दाफाश संभव हो सका।







Leave a Reply