विजयादशमी का बड़ा तोहफा: रायपुर से कुरूद और रावघाट के बीच दौड़ेगी ट्रेन, 20 रुपये में तय होगा सफर…

लोक जगत, धमतरी। छत्तीसगढ़ में रेलवे नेटवर्क को एक नई मजबूती मिलने जा रही है। विजयादशमी का पावन अवसर प्रदेशवासियों, विशेषकर धमतरी अंचल के लिए एक बड़ा बदलाव लेकर आ रहा है। इस दिन ताड़ोकी-रावघाट रेल मार्ग के साथ-साथ अभनपुर-कुरूद के नए ब्रॉडगेज ट्रैक का विधिवत लोकार्पण किया जाएगा।

इस नए ट्रैक के शुरू होते ही रायपुर से कुरूद और रावघाट के लिए सीधी पैसेंजर ट्रेन सेवा की शुरुआत हो जाएगी। इसके अलावा, रायपुर में आधुनिक इलेक्ट्रिक रेल इंजन रखरखाव केंद्र (Maintenance Facility) का भी भूमिपूजन किया जाएगा।

₹20 में पूरा होगा सफर, आम जनता को मिलेगी राहत…
कुरूद अंचल के लोग सालों से इस रेल सेवा की राह देख रहे थे। अब उन्हें राजधानी रायपुर आने-जाने के लिए एक बेहद सस्ता और सुलभ साधन मिल गया है। रायपुर से कुरूद के बीच ट्रेन का प्रस्तावित टिकट केवल 20 रुपये रखा गया है।
बस के महंगे सफर की तुलना में यह किराया काफी कम है। इस पहल से दैनिक यात्रियों, नौकरीपेशा लोगों, छात्र-छात्राओं और छोटे व्यापारियों के जेब पर पड़ने वाला बोझ काफी कम हो जाएगा।

केंद्रीय रेल मंत्री दिखाएंगे हरी झंडी
इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बनने के लिए केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव वर्चुअल माध्यम (वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग) से जुड़कर ट्रेनों को रवाना करेंगे। वहीं, कुरूद रेलवे स्टेशन पर आयोजित स्वागत समारोह में स्थानीय विधायक अजय चंद्राकर सहित अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहेंगे।

क्षेत्रीय व्यापार और विकास को मिलेगी नई रफ्तार…
अभनपुर-कुरूद लाइन पर ट्रेनों का संचालन केवल आवागमन तक सीमित नहीं रहेगा। इससे कुरूद, सिर्री और चटोद जैसे आसपास के अनेक गांवों की जिला मुख्यालय व रायपुर तक पहुंच आसान होगी।
सुगम और किफायती परिवहन व्यवस्था से स्थानीय बाजार, व्यापारिक गतिविधियां, शिक्षा और पर्यटन क्षेत्र फलेंगे-फूलेंगे। आने वाले समय में धमतरी तक ट्रेन सेवा के विस्तार की उम्मीद ने क्षेत्र के लोगों में एक नए उत्साह का संचार किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *