शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म, गर्भवती होने पर खिलाई दवा: बचपन का दोस्त गिरफ्तार करने से पहले हुआ फरार…

लोक जगत, बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां स्कूल के पुराने दोस्त ने शादी का प्रलोभन देकर 22 वर्षीय युवती के साथ लंबे समय तक शारीरिक शोषण किया। आरोपी ने न केवल युवती के अंतरंग वीडियो बनाए, बल्कि गर्भवती होने पर उसे जबरन गर्भपात की दवा भी खिला दी। इसके साथ ही पैसे और सोने की चेन ऐंठने का भी आरोप है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है, हालांकि आरोपी फिलहाल फरार बताया जा रहा है।

बचपन की दोस्ती और प्यार का झांसा…
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता मूल रूप से जांजगीर जिले की रहने वाली है। वर्तमान में वह बिलासपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत एक किराए के मकान में रहकर ब्यूटी पार्लर में काम करती है। मंगला स्थित अभिषेक विहार फेस-1 निवासी विशाल पुरी गोस्वामी के साथ उसकी जान-पहचान स्कूल के दिनों से थी, क्योंकि दोनों पुराने सहपाठी रहे हैं।

पीड़िता के मुताबिक, जुलाई 2025 में विशाल ने उसे एक किराए का मकान ढूंढने में मदद की थी। इस दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गईं। युवक ने अपने प्रेम का इजहार करते हुए युवती को जीवनभर साथ निभाने और शादी करने का भरोसा दिलाया।

रात में घर आकर बनाया शिकार, वीडियो से ब्लैकमेलिंग
शिकायत में बताया गया है कि अगस्त 2025 की एक रात जब युवती की सहेली घर पर मौजूद नहीं थी, तब विशाल करीब 10 बजे उसके कमरे पर पहुंचा। आरोप है कि शादी का वादा कर उसने युवती के साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपी ने कई बार अपनी हवस का शिकार बनाया।

पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने मोबाइल में उनके अंतरंग पलों का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया था। इसी वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर वह उसे लगातार डराता-धमकाता रहा।
गर्भपात और ठगी का गंभीर आरोप
जांच में यह भी सामने आया है कि युवती के गर्भवती होने पर आरोपी ने धोखे से या दबाव बनाकर उसे गर्भपात की दवा खिला दी। इतना ही नहीं, विभिन्न जरूरतों का हवाला देकर उसने पीड़िता से नकद रुपये और उसकी सोने की चेन भी ले ली। जब युवती ने उस पर शादी करने का दबाव बनाया, तो वह अपने वादे से मुकर गया और धमकियां देने लगा।
तंग आकर पीड़िता ने सिविल लाइन थाने में अपनी शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी विशाल पुरी गोस्वामी के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश के लिए दबिश दी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *