सूने मकान का ताला तोड़कर लाखों की चोरी की घटना को अंजाम देने वाला हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार…

लोक जगत, रायपुर। विवरण यह है कि प्रार्थी शिव निर्मलकर निवासी शिवानंद नगर, अंजनी विहार कॉलोनी, खमतराई ने थाना खमतराई में रिपोर्ट दर्ज कराई वह अपने मकान में ताला लगाकर परिवार सहित अपने गृहग्राम गया था। वापस घर आकर देखा तो दरवाजे में लगा ताला टूटा हुआ था। अंदर जाकर देखा तो अलमारी खुली हुई थी तथा अलमारी का लॉकर टूटा हुआ था। अलमारी के लॉकर को खोलकर देखने पर उसमें रखे सोने एवं चांदी के जेवरात, नगदी रकम एवं मोबाइल फोन तथा कमरे में रखें अन्य सामान नहीं थे। कोई अज्ञात चोर प्रार्थी के सूने मकान का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश कर अलमारी में रखे उक्त मशरूका को चोरी कर ले गया। प्रार्थी की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपी के विरुद्ध थाना खमतराई में अपराध क्रमांक 1207/26 धारा 331(4), 305(ए) बी.एन.एस. के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।

घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) श्री स्मृतिक राजनाला तथा पुलिस उपायुक्त (उत्तर क्षेत्र) श्रीमती दीपमाला कश्यप द्वारा अधीनस्थ अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को अज्ञात आरोपी की शीघ्र पहचान कर गिरफ्तार करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एण्टी क्राइम एण्ड साइबर यूनिट तथा थाना खमतराई पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर प्रार्थी एवं आसपास के लोगों से विस्तृत पूछताछ की गई। साथ ही, घटनास्थल एवं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का गहनता से अवलोकन कर संदिग्ध व्यक्तियों की पतासाजी प्रारंभ की गई।

प्रकरण में मुखबिर लगाकर चोरी के पुराने आरोपियों सहित हाल ही में जेल से रिहा हुए आरोपियों के संबंध में जानकारी एकत्र की गई। तकनीकी विश्लेषण के माध्यम से भी अज्ञात आरोपी की पहचान सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे थे।

इसी दौरान अज्ञात आरोपी की गिरफ्तारी में लगी टीम के सदस्यों को जानकारी प्राप्त हुई कि थाना गुढ़ियारी का हिस्ट्रीशीटर रोहन ताम्रकार को घटना दिनांक को घटनास्थल के आसपास देर रात्रि संदिग्ध अवस्था में देखा गया था। जिस पर टीम के सदस्यों द्वारा रोहन ताम्रकार की पतासाजी कर उसे पकड़ा गया।

रोहन ताम्रकार से पूछताछ करने पर वह अपराध में अपनी संलिप्तता से इनकार करते हुए लगातार टीम के सदस्यों को गुमराह कर रहा था। प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी द्वारा चोरी की उक्त घटना को अंजाम देना स्वीकार किया गया।

आरोपी रोहन ताम्रकार को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की सोने एवं चांदी के जेवरात, मोबाईल फोन तथा अन्य सामान जुमला कीमती लगभग 10 लाख रूपये जप्त कर आरोपी के विरूद्ध कार्यवाही किया गया।

आरोपी रोहन ताम्रकार थाना गुढ़ियारी का हिस्ट्रीशीटर है, जिसके विरुद्ध चोरी, मारपीट, आर्म्स एक्ट सहित अन्य मामलों के आधा दर्जन से अधिक अपराध पंजीबद्ध हैं, जिनमें आरोपी जेल में निरुद्ध रह चुका है।

गिरफ्तार आरोपी…
  रोहन ताम्रकार पिता संतोष ताम्रकार उम्र 20 साल निवासी नहर पारा शिव नगर दीक्षा स्कूल के आगे पानी टंकी के पास थाना गुढ़ियारी रायपुर।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *