लोक जगत, रायपुर। राजधानी के सदर बाजार स्थित एक ज्वैलरी दुकान से लगभग 1.88 करोड़ रुपये के सोने, चांदी और हीरे के आभूषणों की धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य महिला आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसकी एक साथी महिला अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

कैसे दिया घटना को अंजाम?
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी रिखब बरडिया (निवासी भाठागांव, रायपुर) की सदर बाजार में ‘विधी ज्वेलर्स एंड बुलियन’ के नाम से दुकान है। 24 अगस्त 2026 को किरण साहू नामक एक महिला अपनी एक अन्य महिला साथी के साथ दुकान पर आई थी।
आरोपियों ने खुद को नगर निगम के आवास विभाग में कार्यरत बताकर ज्वैलरी व्यवसायी का विश्वास जीता। इसके बाद उसने लगभग 37 लाख रुपये के आभूषण खरीदे, जिसके बदले में 250 ग्राम सोने का बिस्कुट, 7 लाख रुपये नकद दिए और शेष 15 लाख रुपये के भुगतान के लिए चेक थमाया।
इसके कुछ दिन बाद, यानी 26 अगस्त को दोनों महिलाएं फिर दुकान पहुंचीं और करीब 1.73 करोड़ रुपये के सोने, चांदी और हीरे के कीमती आभूषण ले गईं। इस बार उन्होंने 1.73 करोड़ से अधिक का दूसरा चेक दिया और दो-तीन दिनों के भीतर सोने के बिस्कुट देने का भरोसा दिलाया।
चेक बाउंस होने पर हुआ खुलासा
जब व्यवसायी ने 1 सितंबर 2026 को 15 लाख रुपये का चेक बैंक में लगाया, तो वह गलत हस्ताक्षर (Wrong Signature) की वजह से बाउंस हो गया। जब इस बारे में आरोपी महिला से संपर्क किया गया, तो वह लगातार टालमटोल करती रही। न तो उसने बकाया राशि चुकाई और न ही आभूषणों का कोई हिसाब दिया।
व्यवसायी की शिकायत पर थाना सिटी कोतवाली में दोनों महिलाओं के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना कोतवाली पुलिस की एक संयुक्त टीम बनाई गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर मुख्य आरोपी महिला किरण साहू (पति गोपाल साहू, उम्र 28 वर्ष, निवासी मजदूर नगर सरोरा, थाना उरला, रायपुर) को धर दबोचा।
कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी महिला ने अपनी साथी के साथ मिलकर इस ठगी की वारदात को अंजाम देने की बात कबूल कर ली है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और ठगी के जरिए हासिल किए गए आभूषणों की बरामदगी के लिए पूछताछ कर रही है। वहीं, मामले में शामिल दूसरी फरार महिला की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।







Leave a Reply