बिलासपुर। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत बिल्हा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी के कब्जे से 122 पाव अवैध देशी शराब बरामद कर उसे गिरफ्तार किया है। जब्त शराब की कुल मात्रा 21.960 लीटर तथा अनुमानित कीमत 10,260 रुपये बताई गई है। आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 338/2026 के तहत धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के निर्देशन में जिले भर में अवैध शराब की बिक्री एवं परिवहन पर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह एवं नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा नुपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में थाना बिल्हा द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में जनसंपर्क एवं बीट भ्रमण के माध्यम से लगातार सूचना संकलित की जा रही थी।इसी दौरान 29 जून 2026 को पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि महेश कोसले (38 वर्ष), पिता छेदीलाल कोसले, निवासी भैसबोड़, थाना बिल्हा अपने घर में भारी मात्रा में अवैध शराब बिक्री के उद्देश्य से रखे हुए है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल दबिश दी और आरोपी के घर की तलाशी ली।तलाशी के दौरान एक सफेद थैले से 97 पाव देशी प्लेन शराब तथा एक काले पिट्ठू बैग से 25 पाव देशी मसाला शराब बरामद हुई। इस प्रकार कुल 122 पाव (21.960 लीटर) अवैध शराब जब्त की गई। पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।बिल्हा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक तोपसिंह नवरंग, प्रधान आरक्षक अमर चन्द्रा, आरक्षक सुमन चंद्रवंशी, संतोष मरकाम एवं अर्जुन जांगड़े की महत्वपूर्ण भूमिका रही।









Leave a Reply