दुर्ग में 19 वर्षीय युवक की निर्मम हत्या, कुछ ही घंटों में आरोपी गिरफ्तार…

लोक जगत, दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के मोहन नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बांबे आवास उरला इलाके में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ सरस्वती ज्ञान मंदिर स्कूल के पास एक 19 वर्षीय युवक शिव बहादुर सिंह सोनी (उर्फ शिवा) की धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी गई। इतनी कम उम्र में हुई इस घटना से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश व चिंता का माहौल है।

अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम…
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हमलावर ने अचानक युवक पर धारदार हथियार से गंभीर वार किए, जिससे वह बुरी तरह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। घटना के बाद आनन-फानन में घायल को नजदीकी अस्पताल पहुँचाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई, मुख्य आरोपी दबोचा…
घटना की गंभीरता को देखते हुए मोहन नगर थाना पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया। पुलिस टीमों ने तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय इनपुट के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों के भीतर मुख्य संदिग्ध आरोपी लक्ष्मी नारायण सारथी (20 वर्ष, निवासी हरना बांधा, दुर्ग) को धर दबोचा।

बीएनएस की धारा के तहत मामला दर्ज…
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। शुरुआती जांच में हत्या के स्पष्ट कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आखिर इस खौफनाक वारदात के पीछे की असल वजह क्या थी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि विवेचना पूरी होने और साक्ष्य एकत्र करने के बाद इस मामले से जुड़े सभी पहलुओं पर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट कर दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *