लोक जगत, रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से सटे पटेवा स्थित ‘एकेडमिक हाइट्स पब्लिक स्कूल’ में छात्र के साथ दुर्व्यवहार का मामला सामने आया है। चौथी कक्षा के एक छात्र के बाल जबरन काटने के आरोप में गोबरा नवापारा थाना पुलिस ने स्कूल की प्राचार्या पल्लवी मरार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने किशोर न्याय (बालकों की देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम, 2015 की धारा 75 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है।

परिजनों का आरोप: मानसिक तनाव में आया बच्चा…
पीड़ित परिवार द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, यह घटना 15 अक्टूबर 2025 की है। आरोप है कि अनुशासन का हवाला देते हुए कक्षा चौथी के छात्र के लंबे बालों की चोटी बनाकर उसे कैंची से काट दिया गया। इस वाकये के बाद से ही बच्चा गहरे मानसिक तनाव में आ गया और उसने स्कूल जाने से परहेज करना शुरू कर दिया। परिजनों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए शिक्षा विभाग ने दो प्राचार्यों की एक विशेष जांच समिति का गठन किया था।
जांच में डॉक्टरों की रिपोर्ट और बयान दर्ज…
शिक्षा विभाग के जांच दल ने 31 जुलाई 2026 को विद्यालय का मुआयना कर छात्र, उसके माता-पिता, प्राचार्या तथा संबंधित शिक्षकों के बयान कलमबद्ध किए। इस दौरान धन्वंतरी अस्पताल की 5 जून की मेडिकल रिपोर्ट का भी अध्ययन किया गया, जिसमें छात्र के नींद न आने, स्वभाव में चिड़चिड़ापन और स्कूल जाने के डर जैसे लक्षणों की पुष्टि हुई है।
शिक्षक पर भी लगे प्रताड़ना के आरोप…
पड़ताल के दौरान छात्र ने गणित विषय के शिक्षक अजय कुमार देवांगन पर होमवर्क पूरा न होने की स्थिति में कान मरोड़ने और शारीरिक प्रताड़ना देने का आरोप भी लगाया। हालांकि, शिक्षक ने इन आरोपों को निराधार बताया है। पुलिस का कहना है कि इन आरोपों की सच्चाई जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
बच्चे का स्कूल बदला गया…
जांच रिपोर्ट के मुताबिक, इस वाकये के बाद छात्र की पढ़ाई प्रभावित हुई और उसकी उपस्थिति बेहद कम हो गई। इसके चलते अप्रैल 2026 में अभिभावकों ने उसका दाखिला किसी अन्य विद्यालय में करा दिया। पूछताछ में प्राचार्या ने बच्चों के बाल व्यवस्थित करने की बात स्वीकारी थी, जिस पर जांच दल ने प्रबंधन व शिक्षकों को भविष्य में ऐसी पुनरावृत्ति न करने की सख्त हिदायत देने की सिफारिश की है।
मामले में पुलिस का कहना है कि एफआईआर दर्ज कर ली गई है और आगे की कानूनी व न्यायिक प्रक्रिया जारी है।







Leave a Reply