बीजापुर के छात्रावास में तीन छात्राएं गर्भवती मिलने से हड़कंप, दो हैं नाबालिग…

Posted by

 

 बीजापुर। बीजापुर जिले के गंगालूर स्थित पोटा केबिन छात्रावास से एक गंभीर मामला सामने आया है। यहां छात्रावास में रहने वाली तीन छात्राएं गर्भवती पाई गई हैं, जिनमें से दो नाबालिग बताई जा रही हैं। जानकारी के अनुसार छात्राओं का गर्भ करीब पांच महीने का बताया जा रहा है। घटना सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और पूरे मामले को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं।
 
स्वास्थ्य विभाग ने बनाए गर्भवती कार्ड
मिली जानकारी के मुताबिक स्वास्थ्य विभाग की ओर से इन छात्राओं के लिए गर्भवती कार्ड भी बनाए गए हैं। इससे यह संकेत मिलता है कि स्वास्थ्य विभाग को उनकी स्थिति की जानकारी थी और स्वास्थ्य संबंधी प्रक्रियाएं शुरू कर दी गई थीं। हालांकि मामला सार्वजनिक होने के बाद छात्रावास की अधीक्षिका ने कहा कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं थी। अधीक्षिका के इस बयान के बाद पूरे प्रकरण को लेकर और भी सवाल उठने लगे हैं।
 
निगरानी व्यवस्था पर उठे सवाल
पोटा केबिन छात्रावास में रहने वाली छात्राओं की सुरक्षा और देखरेख की जिम्मेदारी प्रशासन और संबंधित विभागों की होती है। ऐसे में एक साथ तीन छात्राओं के गर्भवती मिलने की घटना ने शिक्षा विभाग की निगरानी व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगा दिए हैं।
 
इस मामले के सामने आने के बाद स्थानीय स्तर पर जांच की मांग तेज हो गई है। लोगों का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *