100 रुपये के लिए किसान बैठे हैं, मेरी मां भी… कंगना रनौत को थप्पड़ मारने वाली महिला क्या बोली; सख्त ऐक्शन

Posted by

चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर बॉलीवुड एक्ट्रेस और बीजेपी सांसद कंगना रनौत को एक महिला सीआईएसएफ कर्मी ने थप्पड़ जड़ दिया। महिला कंगना रनौत के किसान आंदोलन के समय दिए गए बयान से नाराज थी। उन्होंने बताया कि उनकी मां भी किसान आंदोलन के दौरान विरोध प्रदर्शन के लिए बैठी थीं। कंगना रनौत को थप्पड़ मारने के बाद सीआईएसएफ कर्मी कुलविंदर कौर ने कहा, ”उन्होंने बयान दिया था कि किसान 100 रुपये के लिए वहां बैठे हैं। क्या वह वहां जाकर बैठेंगी? मेरी मां वहां बैठी थीं और विरोध कर रही थीं जब उन्होंने यह बयान दिया।” वहीं, कंगना रनौत को थप्पड़ मारने के बाद कुलविंदर कौर को सस्पेंड कर दिया गया है।

 
महिलाकर्मी के खिलाफ एफआईआर दर्ज
एक सीनियर सीआईएसएफ अधिकारी ने मामले पर बात करते हुए कहा कि महिला कॉन्स्टेबल के खिलाफ स्थानीय पुलिस थाने में शिकायत करते हुए एफआईआर दर्ज करवाई गई है। इसके साथ ही उन्हें सस्पेंड भी कर दिया गया है। चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर कंगना के विमान में सवार होने से पहले हवाई अड्डे पर सुरक्षा जांच के दौरान सीआईएसएफ कर्मी ने एक्ट्रेस को थप्पड़ मारा। कंगना ने एक वीडियो बयान जारी कर कहा कि दिल्ली जाते वक्त चंडीगढ़ हवाई अड्डे पर सुरक्षा जांच के दौरान सीआईएसएफ की एक महिला सिपाही ने उन्हें थप्पड़ मारा और उनके साथ गाली-गलौज की। कंगना ने ‘पंजाब में आतंक और हिंसा में हैरान करने वाली वृद्धि’ शीर्षक से एक वीडियो बयान पोस्ट किया।
 
मंडी से सांसद बनी हैं कंगना रनौत
बीजेपी सांसद कंगना रनौत ने वीडियो में कहा कि वह सुरक्षित और ठीक हैं, लेकिन पंजाब में बढ़ते आतंकवाद को लेकर चिंतित भी हैं। कंगना ने दिल्ली पहुंचने के बाद बयान जारी कर कहा कि महिला सिपाही उनकी ओर आई। कंगना ने कहा, ”उसने मुझे थप्पड़ मारा और मुझे गाली देनी शुरू कर दी।” उन्होंने कहा, ”जब मैंने उससे पूछा कि उसने ऐसा क्यों किया, तो उस सिपाही ने कहा कि वह किसान आंदोलन का समर्थन करती है।” हिमाचल प्रदेश की मंडी सीट से लोकसभा के लिए निर्वाचित होने वाली कंगना ने कांग्रेस के प्रत्याशी को 74 हजार मतों से शिकस्त दी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *