पं. बंगाल में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का अपमान देश नहीं भूलेगाः पीएम मोदी

Posted by

 
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली को मेट्रो परियोजनाओं की सौगात देने के साथ ही पश्चिम बंगाल की टीएमसी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने महिला दिवस पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के दौरे में प्रोटोकॉल उल्लंघन का आरोप लगाते हुए इसे नारी शक्ति और आदिवासी समाज का घोर अपमान बताया।
 
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को दिल्ली के विकास के लिए 33,500 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का तोहफा दिया। उन्होंने दिल्ली मेट्रो की पिंक और मजेंटा लाइन के नए हिस्सों का उद्घाटन किया और तीन नए कॉरिडोर की नींव रखी। इस विस्तार से बुराड़ी, यमुना विहार, खजूरी खास और वजीराबाद जैसे इलाकों में रहने वाले लाखों लोगों का सफर आसान होगा और मेट्रो कनेक्टिविटी में बड़ा सुधार आएगा। मेट्रो परियोजनाओं की शुरुआत के साथ ही प्रधानमंत्री ने पश्चिम बंगाल में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के दौरे के दौरान हुई प्रोटोकॉल की लापरवाही का मुद्दा उठाया। उन्होंने तृणमूल कांग्रेस सरकार पर सीधा निशाना साधते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर कल बंगाल में जो हुआ, वह देश की राष्ट्रपति का घोर अपमान है। उन्होंने कहा कि टीएमसी ने न केवल राष्ट्रपति बल्कि पूरे आदिवासी समाज की गरिमा को ठेस पहुंचाई है।
 
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि राष्ट्रपति मुर्मू संथाल आदिवासी परंपरा के एक पवित्र उत्सव में शामिल होने बंगाल गई थीं, लेकिन राज्य सरकार ने उस महत्वपूर्ण कार्यक्रम का बहिष्कार किया। उन्होंने जोर देकर कहा, ‘पश्चिम बंगाल की जनता और देश का आदिवासी समाज इस अपमान के लिए टीएमसी को कभी माफ नहीं करेगा। एक नारी और देश के सर्वोच्च पद पर बैठी हस्ती के साथ ऐसा व्यवहार बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। ‘पीएम ने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्रपति का पद राजनीति से ऊपर है और उसकी पवित्रता बनी रहनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि देश की नारी शक्ति और आदिवासी समुदाय इस घटना से बेहद निराश है। उनके अनुसार, जिस तरह से बंगाल सरकार ने संथाल संस्कृति के एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम के प्रति लापरवाही दिखाई, वह देश के लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *