रानी सागर तालाब के पास नवजात बच्ची का शव मिलने से सनसनी, जांच शुरू…

Posted by

 
बिलासपुर। जिले के बेलगहना चौकी क्षेत्र अंतर्गत नगोई गांव में उस समय सनसनी फैल गई, जब रानी सागर तालाब के पास एक नवजात बच्ची का शव बरामद हुआ। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
 
चौकी प्रभारी हेमंत सिंह ने बताया कि नवजात का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है, जिससे कई सवाल खड़े हो रहे हैं। फिलहाल पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, ताकि मौत के कारणों का पता लगाया जा सके।
 
घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोग इस घटना को बेहद संवेदनशील मानते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है और मामले के हर पहलू की जांच में जुटी हुई है।
 
प्राथमिक तौर पर यह आशंका जताई जा रही है कि नवजात को जन्म के बाद तालाब के पास फेंका गया होगा, हालांकि पुलिस सभी संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *