प्रदेश भर के राशनकार्ड धारकों को राहत, 5 रुपए सस्ती मिलेगी यह दाल

Posted by

शिमला। प्रदेश में लाखों उपभोक्ताओं को सरकारी राशन के डिपुओं से उड़द की दाल सस्ती दरों पर मिलेगी। इसका रेट पहले से कम हो गया है, जिसे सरकार ने मंजूरी दे दी है। हालांकि टैक्स पेयर के लिए यह दाल महंगी कर दी गई, मगर बाजार से उनको भी काफी सस्ती मिलेगी। बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं को इससे राहत मिलेगी। अभी तेल को लेकर ऑर्डर नहीं दिया गया है। फिलहाल नए साल में उड़द की दाल पांच रुपए किलो सस्ती मिलने वाली है। जानकारी के अनुसार सिविल सप्लाई कारपोरेशन ने सरकार को दाल के रेट अप्रूव करने के लिए प्रस्ताव भेजा था, जिसे मंजूरी मिल गई है। इस मौसम में सबसे अधिक खाई जाने वाली उड़द की दाल के रेट कम होने से लोगों को कुछ राहत मिलेगी। राज्य नागरिक आपूर्ति निगम ने 38 हजार क्विंटल उड़द का सप्लाई आर्डर जारी कर दिया है। इसके बाद अब होलसेल गोदाम में उड़द पहुंचनी शुरू हो जाएगी, जहां से नए साल में लोगों को डिपुओं में यह दाल उपलब्ध हो जाएगी। हिमाचल के करीब 4500 डिपुओं में उपभोक्ताओं को नए साल में सस्ती उड़द की दाल मिलेगी।  उपभोक्ताओं को उड़द की दाल 58 रुपए प्रति किलो के हिसाब से दी जाएगी। पहले इसका भाव 63 रुपए प्रति किलो था। इसी तरह से एपीएल परिवारों के लिए उड़द का रेट 68 रुपए किलो तय किया गया है। डिपुओं में पहले इन परिवारों को 73 रुपए किलो की दर से उड़द की दाल दी जा रही थी। वहीं टैक्स पेयर को उड़द की दाल खरीदने के लिए पहले से अधिक जेब ढीली करनी होगी। डिपुओं में टैक्स पेयर को उड़द की दाल अब 93 रुपए प्रति किलो के हिसाब से मिलेगी। पहले यही भाव 83 रुपए प्रति किलो था, लेकिन राहत की बात यह है कि खुले बाजार से उड़द की दाल का यह भाव काफी कम है। बाजार में उड़द की दाल का भाव 115 से 120 रुपए प्रति किलो है। ऐसे में डिपुओं में सस्ती दालें उपलब्ध होने से उपभोक्ताओं को महंगाई से राहत मिल रही है। हिमाचल प्रदेश राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के प्रबंध निदेशक राजेश्वर गोयल ने बताया कि डिपुओं में उपभोक्ताओं को उड़द की दाल पांच रुपए सस्ती दी जाएगी। उपभोक्ताओं को समय पर दालें उपलब्ध हों, इसके लिए पहले ही सप्लाई आर्डर जारी किया जा चुका है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *