बस को रिवर्स कर रहा था ड्राइवर, चपेट में आई बच्ची की मौत

Posted by

भखारा। सरस्वती शिशु मंदिर सिलौटी में पढऩे वाली 4 साल की बच्ची की अपने ही स्कूल बस की चपेट में आने से मौत हो गई। अस्पताल पुलिस चौकी से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम तर्रागोंदी थाना भखारा निवासी योगेश साहू की बेटी ख्याति साहू 4 वर्ष सिलौटी के सरस्वती शिशु मंदिर के कक्षा अरुण में पढ़ती थी। योगेश ने पुलिस को बताया कि शनिवार सुबह 7.10 बजे स्कूल बस में सवार होकर वह सिलौटी पहुंची थी। कक्षा में पहुंचने के बाद देखा की चप्पल बस में भूल गई है जिसे लेने के लिए वह बस की ओर जाने लगी। तभी बस क्रमांक सीजी 07 ई 1418 का चालक बस रिवर्स कर रहा था, उसी दौरान बच्ची पिछले चक्का के चपेट में आ गई। आचार्य ने परिजनों को सूचना दी। घायल ख्याति को लेकर धमतरी मसीही अस्पताल आए जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि बस का चालक धनेश साहू ग्राम चुलगहन थाना रानीतराई का निवासी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। सवाल यह उठता है कि यदि बच्ची कक्षा तक पहुंच गई थी तो बाहर निकलते वक्त स्कूल प्रबंधन या आचार्य ने इसे क्यों नहीं देखा। यदि उस बच्ची के साथ कोई स्टाफ जाता तो शायद यह घटना नहीं हो पाती। 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *