ग्राम झिटकी में आधी रात घर में घुसा तेंदुआ, सो रहे परिवार पर किया हमला: 3 लोग गंभीर रूप से घायल…

लोक जगत, नर्रा/महासमुंद। बागबाहरा वन परिक्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कोमाखान सर्किल के ग्राम झिटकी में देर रात एक खौफनाक हादसा सामने आया है। आधी रात को गांव के एक मकान में अचानक तेंदुआ घुस आया और भीतर सो रहे एक ही परिवार के सदस्यों पर जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में परिवार के 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, घटना देर रात लगभग 1 से 2 बजे के बीच की बताई जा रही है। परिवार के लोग अपने घर में सो रहे थे, तभी आसपास के जंगलों से भटककर आया तेंदुआ मकान के भीतर दाखिल हो गया। आहट सुनकर जब तक घर वाले कुछ समझ पाते, तेंदुए ने उन पर अचानक हमला कर दिया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर एकत्र हुए और किसी तरह शोर मचाकर तेंदुए को भगाया।

घटना में गंभीर रूप से घायल तीनों लोगों को ग्रामीणों व परिजनों की मदद से तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम और स्थानीय पुलिस बल मौके के लिए रवाना हो गए हैं। अचानक हुई इस घटना से झिटकी और आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। वन विभाग ने ग्रामीणों को सतर्क रहने और रात के समय घरों से बाहर न निकलने की सलाह दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *