राजधानी में ढही दो मंजिला इमारत, बच्चे समेत दो की मौत: चार घायल…

लोक जगत, नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में इमारत ढहने की एक और घटना सामने आई है। शाहदरा जिले के विवेक विहार थाना क्षेत्र के ज्वाला नगर में एक दोमंजिला मकान अचानक ढह गया। हादसे में तीन साल के बच्चे समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। हादसे के बाद पुलिस, दमकल विभाग और बचाव दल ने राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। मलबे में फंसे सभी छह लोगों को निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।

ज्वाला नगर की गली नंबर-6 में हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, ज्वाला नगर की गली नंबर-6 में मंगलवार सुबह करीब 10 बजे दोमंजिला मकान ढह गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। मलबे में छह लोगों के फंसे होने की जानकारी मिली थी।

पुलिस के अनुसार, हादसे में तीन वर्षीय बच्चे लड्डू उर्फ देवांश और 35 वर्षीय पिंटू की मौत हो गई। वहीं, खुशबू (27), विकेश (35), आकाश (25) और दिलीप उर्फ डिम्पा (22) घायल हुए हैं। सभी को डॉ. हेडगेवार अस्पताल में भर्ती कराया गया। मकान में रहने वाले सभी लोग किरायेदार थे।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, इमारत काफी पुरानी थी और उसकी निर्माण सामग्री समय के साथ कमजोर हो गई थी। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह की जांच की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, घटना के समय वहां निर्माण या मरम्मत का काम नहीं चल रहा था।

चावड़ी बाजार हादसे में सात लोगों की गई थी जान
ज्वाला नगर की घटना से पहले 5 नवंबर को पुरानी दिल्ली के चावड़ी बाजार इलाके में गली सितारा के पास निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत ढह गई थी। इस हादसे में सात लोगों की मौत हुई थी। घटना के बाद दिल्ली पुलिस, राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ), दिल्ली अग्निशमन सेवा और नगर निगम की टीमों ने संयुक्त रूप से बचाव अभियान चलाया था।

पुलिस ने इमारत के मालिक सैमउल्लाह उर्फ अयूब को गिरफ्तार किया था। इसके अलावा फरीदाबाद के सिरोही गांव से तीन ठेकेदारों को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक, इमारत में निर्माण कार्य अवैध तरीके से किया जा रहा था और संरचना असुरक्षित थी। हादसे के बाद नगर निगम ने संबंधित जूनियर इंजीनियर और असिस्टेंट इंजीनियर को निलंबित किया था। ठेकेदार के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज की गई थी।

सत्य निकेतन हादसे में भी सात लोगों की हुई थी मौत
दिल्ली में इससे पहले 6 सितंबर को सत्य निकेतन इलाके में पांच मंजिला इमारत ढह गई थी। इस हादसे में सात लोगों की जान चली गई थी। इमारत में छात्रों के लिए पीजी हॉस्टल संचालित था। हादसे के बाद राहत एवं बचाव दल ने मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकाला था।

दिल्ली में लगातार सामने आ रहे इमारत ढहने के मामले
राजधानी में पिछले कुछ महीनों के दौरान इमारतों के ढहने की कई घटनाएं सामने आई हैं। 7 अक्टूबर को सीमापुरी इलाके में एक बहुमंजिला इमारत का हिस्सा ढहने से चार लोगों की मौत हुई थी।

वहीं, 25 अक्टूबर को हर्ष विहार के मिलान गार्डन में निर्माणाधीन इमारत ढह गई थी। बताया गया था कि अतिरिक्त लिंटेल या मंजिल बनाने की कोशिश के दौरान निचला स्लैब धंस गया। इस हादसे में 60 वर्षीय चंद्रपाल और उनके 33 वर्षीय बेटे विजय कुमार की मौत हो गई थी।

लगातार हो रहे इन हादसों ने राजधानी में पुरानी और निर्माणाधीन इमारतों की सुरक्षा तथा अवैध निर्माण पर निगरानी को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *