लोक जगत, रायपुर। पंडरी थाना क्षेत्र के लोधीपारा चौक स्थित ‘खेल एरिना’ स्पोर्ट्स शोरूम में हुई चोरी की वारदात को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सुलझाते हुए तीन नाबालिगों को हिरासत में ले लिया है। घटना के बाद फरार हुए तीनों को पुलिस टीम ने धमतरी और नागपुर से दबोचा। उनके पास से चोरी की रकम में से 2,52,700 रुपये नगद और एक POI Power Switch बरामद किया गया है।

जानकारी के मुताबिक, शोरूम बंद करने के बाद अगले दिन सुबह संचालक ऐश्वर्य मार्या पहुंचे तो शटर का ताला खुला मिला और कैमरों की दिशा बदली हुई थी। गल्ले से 2,56,163 रुपये और POI Power Switch गायब था। सीसीटीवी फुटेज में रात करीब 2 बजे चेहरे पर कपड़ा और लाल हुडी पहने एक संदिग्ध युवक भीतर जाता और सामान लेकर निकलता दिखा। जांच में सामने आया कि नाबालिगों ने POI Power Switch को सीसीटीवी का DVR समझकर उठा लिया था।
नॉर्थ जोन डीसीपी दीपमाला कश्यप के निर्देश, एडीसीपी आदित्य पांडे व एसीपी कृष्ण कुमार चंद्राकर के पर्यवेक्षण तथा पंडरी थाना प्रभारी परेश पांडे की टीम ने फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर तेजी से कार्रवाई की। लोकेशन ट्रेस कर धमतरी व नागपुर से तीनों नाबालिगों को पकड़ा गया। फिलहाल पहचान गोपनीय रखते हुए किशोर न्याय अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।







Leave a Reply