स्वच्छता की असली कसौटी सड़कों और गलियों में दिखाई देती है, पुरस्कार के अनुरूप काम करे सरकार – मोहम्मद अकबर

लोक जगत, रायपुर। पूर्व कैबिनेट मंत्री मोहम्मद अकबर ने रायपुर शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार और नगरीय प्रशासन विभाग से जमीनी स्तर पर ठोस कदम उठाने की मांग की है।

एक बयान जारी करते हुए पूर्व मंत्री मोहम्मद अकबर ने कहा कि स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 में रायपुर को स्वच्छता के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार मिलना और महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों सम्मानित होना प्रदेश के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि पुरस्कार सम्मान का विषय है, लेकिन स्वच्छता की असली कसौटी रायपुर शहर की सड़कों और गलियों में दिखाई देती है। वर्तमान में शहर की स्वच्छता व्यवस्था इस सम्मान के अनुरूप और अपेक्षित स्तर पर नजर नहीं आती।

मोहम्मद अकबर ने सर्वेक्षण के आंकड़ों और जमीनी हकीकत के अंतर की ओर ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि सर्वेक्षण में हुई त्रुटियों और वास्तविक स्थिति के बीच जो अंतर है, उसे नगरीय प्रशासन मंत्री को समझना चाहिए। उन्होंने मांग की कि नगरीय प्रशासन मंत्री अब इस पुरस्कार के अनुरूप रायपुर को वास्तव में स्वच्छ बनाने के लिए युद्ध स्तर पर अभियान चलाएं और सर्वेक्षण करने वाली एजेंसी की जवाबदेही तय करने के लिए पहल करें।

इसके अतिरिक्त, सफाई व्यवस्था की कार्यप्रणाली पर सुझाव देते हुए पूर्व मंत्री ने कहा कि सफाई व्यवस्था के लिए विधानसभा वार टेंडर प्रक्रिया किए जाने के निर्णय पर भी पुनर्विचार करने की आवश्यकता है। उन्होंने तर्क दिया कि प्रत्येक वार्ड में पार्षद जनता के बीच मौजूद रहते हैं और स्थानीय समस्याओं से बेहतर परिचित होते हैं। इसलिए सफाई व्यवस्था को वार्ड स्तर पर अधिक जवाबदेह और प्रभावी बनाने में पार्षदों की भूमिका सुनिश्चित की जानी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *